दुर्ग
हवनकुंड में नारियल अर्पित कर मनोकामना पूर्ण करने लगाई फरियाद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 8 फरवरी। पुलगांव नाका नवकार परिसर स्थित श्री रामदेव बाबा दरबार में आयोजित 9 दिवसीय माघ मेला के अंतिम दिन शुक्रवार को दर्शन के लिए श्रद्धालु उमड़े। दरबार में सुबह से ही दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने हवनकुंड की परिक्रमा कर मनोकामना को लेकर हवनकुंड में नारियल अर्पित की, वहीं दरबार दिनभर भजन कीर्तन की गूंज से गुंजायमान रहा।
भजनों की धुन में नाच-गाकर श्रद्धालुओं ने बापजी के प्रति अपनी श्रद्धा-भक्ति प्रकट की। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि भी दर्शन के लिए श्री रामदेव बाबा दरबार पहुंचे। पूर्व विधायक अरुण वोरा, भाजपा महापौर प्रत्याशी अलका बाघमार के अलावा अन्य जनप्रतिनिधियों ने गुरुदेव सोहनलाल बापजी की शिष्या भक्तमाता शांतादेवी बापजी के दर्शन कर शहरवासियों की सुख-समृद्धि के लिए कामना की। दोपहर बाद महाप्रसादी (भंडारा) का आयोजन किया गया। महाप्रसादी ग्रहण कर श्रद्धालुओं ने पुण्य लाभ प्राप्त किया।
इस दौरान श्री रामदेव बाबा दरबार नवकार परिसर के प्रमुख रमेश कुमार जैन, सुश्री पायल जैन, मनीष जैन, प्रवीण पींचा, प्रवीण पारख, गौरव बजाज, गौरव पींचा, राकेश धाड़ीवाल, महावीर बाफना, राकेश छाजेड़, मोंटी सोनी, प्रशांत शर्मा, आशीष सोनी, गूंजा पींचा के अलावा अन्य सदस्य व्यवस्था बनाने में जुटे रहे। 30 जनवरी से 7 फरवरी तक आयोजित 9 दिवसीय माघ मेला में प्रतिदिन जम्मा जागरण व भजनों की धूम मची। वहीं श्रद्धालुओं को परचो का लाभ मिला। माघ मेला में छत्तीसगढ़ के अलावा अन्य राज्यों से श्रद्धालु शामिल हुए।