दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 4 फरवरी। दुर्ग नगर निगम चुनाव में इस बार पार्षद पद के लिए 93 महिला प्रत्याशी मैदान में है। महापौर के दो प्रत्याशियों को मिलाकर 95 महिला प्रत्याशी है, जबकि पिछली बार 112 महिला प्रत्याशी पार्षद के लिए चुनावी रण में उतरी थी।
यहां चुनाव मैदान पार्षद पद के लिए कुल 228 एवं महापौर पद हेतु 2 प्रत्याशी है। दुर्ग नगर निगम क्षेत्र में महिला मतदाताओं की संख्या पुरूषों की तुलना अधिक है। अर्थात संख्या बल के हिसाब से महिलाओं की राजीनीति में भागीदारी बहुत कम है जबकि इस बार दुर्ग निगम के महापौर सहित 20 वार्ड पार्षद पद महिलाओं के लिए आरक्षित हैं। दुर्ग नगर निगम क्षेत्र में पुरूष मतदाताओं की संख्या 1 लाख 16 हजार 33 है, जबकि महिला मतदाता 1 लाख 21 हजार 896 है। अर्थात महिला मतदावाओं की संख्या पुरूषों की तुलना में 5 हजार 863 ज्यादा है। मगर चुनाव मैदान में उतरने वाली महिलाओं की संख्या पुरुष अभ्यर्थियों की तुलना में बहुत कम है।
33 प्रतिशत सीट महिलाओं के लिए आरक्षित करने का प्रावधान किया गया है ताकि महिला सशक्तिकरण के साथ राजनीति में महिलाओं की भागीदारी को बढ़ाई जा सके। फिर भी राजनीति में महिलाओं की भागीदारी अपेक्षा के अनुरूप नहीं बढ़ रही है। हालांकि इस बार आरक्षित सीट के अलावा 12 वार्ड ऐसे भी हैं, जहां जो अनारक्षित है यहां भी महिलाएं चुनाव मैदान में चुनौती दे रही है। अनारक्षित होने के बाद कांग्रेस-भाजपा दोनों ने कई वार्डों में महिलाओं को आमने सामने उतारा है।