दुर्ग
दुर्ग, 3 फरवरी। जिले में खरीफ वर्ष 2024-25 में कुल 1325 करोड़ 77 लाख 73 हजार रुपए की धान खरीदी हुए है मगर विपणन संघ से धान विक्रय करने वाले किसानों को भुगतान के लिए जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक दुर्ग को 1233 करोड़ 94 लाख 3 हजार रूपए ही अब तक मिले हैं। 91 करोड़ 83 लाख 70 हजार रुपए विपणन संघ से मिलना बाकी है।
जानकारी के अनुसार विपणन संघ से प्राप्त राशि में से 1209 करोड़ 68 लाख 38 हजार रुपए का किसानों के खाते में ऑनलाइन भुगतान किया जा चुका है। शेष राशि के भुगतान की प्रक्रिया जारी है। गत वर्ष जिले के किसानों से समर्थन मूल्य पर कुल 1283 करोड़ 21 लाख रुपए की धान खरीदी हुई थी। जिस लिहाज से इस बार 42 करोड़ 56 लाख 73 हजार रुपए अधिक की धान खरीदी की गई है।
किसान नेता रवि प्रकाश ताम्रकार ने मांग की है कि विपणन संघ धान खरीदी की बकाया राशि शीघ्र भेजे ताकि सभी किसानों को धान खरीदी की संपूर्ण राशि का भुगतान हो सके। जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक अंतर्गत किसानों द्वारा लिए गए कुल ऋण की प्रविष्टि 353 करोड़ 3 लाख 91 हजार रुपए है। इनमें से कुल 326 करोड़ 61 लाख 48 हजार रुपए की लिकिंग से वसूली हुई है।