दुर्ग

नाबालिग से रेप, आरोपी को 20 साल कैद
02-Feb-2025 6:45 PM
नाबालिग से रेप, आरोपी को  20 साल कैद

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
दुर्ग, 2 फरवरी।
शादी का झांसा देकर किशोरी के साथ शारीरिक संबंध बनाकर उसे गर्भवती करने वाले आरोपी को कोर्ट ने सजा दी है। अपर सत्र न्यायाधीश चतुर्थ एफटीसी श्रीमती संगीता नवीन तिवारी की कोर्ट ने आरोपी विरेंद्र कुमार सोनकर को लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम 2012 की धारा 6 के तहत 20 वर्ष सश्रम कारावास, 5000 रुपए अर्थदंड की सजा सुनाई है।

दुर्ग निवासी आरोपी विरेंद्र कुमार सोनकर की जान पहचान मोहल्ले में ही रहने वाली 16 वर्षीय किशोरी से थी। दोनों के बीच हमेशा बातचीत होते रहती थी। आरोपी ने मौके का फायदा उठाकर किशोरी को झांसे में लिया और उसके साथ शादी का प्रलोभन देते हुए 30 नवंबर 2021 की रात को कई बार शारीरिक संबंध बनाया। कुछ महीने बाद जब किशोरी का पेट बढऩे लगा तब उसकी मां उसे महिला चिकित्सक के पास उसकी जांच कराने ले गई। 

सोनोग्राफी एवं अन्य टेस्ट करने के बाद महिला चिकित्सक ने किशोरी की मां को बताया कि किशोरी गर्भवती है। जब मां ने किशोरी से इस संबंध में पूछताछ की तब किशोरी ने आप बीती बताई। 

इसके बाद मां ने थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी। अभियोजन पक्ष की ओर से विशेष लोक अभियोजक श्रीमती रूप वर्षा दिल्लीवार ने पैरवी की थी।


अन्य पोस्ट