दुर्ग

निर्दलीय अध्यक्ष प्रत्याशी के नाम वापसी के बाद अब भाजपा-कांग्रेस में सीधी टक्कर
02-Feb-2025 3:41 PM
निर्दलीय अध्यक्ष प्रत्याशी के नाम वापसी के बाद अब भाजपा-कांग्रेस में सीधी टक्कर

बागियों ने भी कसी कमर 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुम्हारी, 2 फरवरी।
नगरपालिका परिषद कुम्हारी में शुक्रवार को प्रत्याशियों के नाम वापसी का दौर चला, जिसमें प्रमुख रूप से कॉंग्रेस से टिकट न मिलने पर अध्यक्ष पद के लिए दावेदारी करने वाली निर्दलीय प्रत्याशी बेबी वर्मा का नाम उल्लेखनीय है। उनके नाम वापसी के साथ ही अब पूरी तस्वीर साफ हो गई है अब अध्यक्ष पद के लिए भाजपा की  मीना वर्मा और कॉंग्रेस की ओर से रामप्यारी पटेल के बीच सीधा मुकाबला होगा। जहां भाजपा की मीना वर्मा सार्थक  परिणाम को लेकर  पूरी तरह आश्वस्त हैं, वहीं रामप्यारी पटेल को पूरा भरोसा है कि नगरपालिका में एक बार फिर कांग्रेस अपना परचम लहरायेगी।

ज्ञात हो कि इस बार का यह निकाय चुनाव कई मायनों में महत्वपूर्ण है, मसलन विगत 10 वर्षों के पश्चात अध्यक्ष पद हेतु महिला का होना, परिसीमन के बाद वार्डों की स्थिति के मद्देनजर वार्डों का टूटकर अन्य वार्डों में विलय होना और दोनों ही पार्टियों में उम्मीदवारी को लेकर हुई खींचातानी। यही कारण है कि कई नाराज दावेदारों ने पार्टी से हटकर अपनी उम्मीदवारी को कायम रखते हुए नाम वापस नही लिया। इन सबके अलावा और एक चीज देखने को मिल रही है वह है कुछ वार्डों में पार्षद पद हेतु  आम आदमी पार्टी के उम्मीदवारों की उपस्थिति, बहरहाल ज्यादातर वार्डों में भाजपा कॉंग्रेस की सीधी टक्कर दिखाई दे रही है।

वार्ड 01 में भाजपा ने जहां अश्वनी देशलहरे पर भरोसा जताया है वहीं कॉंग्रेस ने संगीता बाई सुल्तान को टिकट दिया है। घनश्याम लहरे, प्रदीप कुमार और वीरू डहरिया निर्दलीय के रूप में चुनाव लड़ रहे हैं। परिसीमन के बाद वार्ड 03 का अधिकतर हिस्सा वार्ड 02 में विलय हो गया जिससे पटेल समाज के अधिकांश मतदाता अब वार्ड 2 में आ गए हैं। शायद यही कारण है कि भाजपा ने पूर्व युवा मोर्चा अध्यक्ष डिकेश पटेल को अपना प्रत्याशी बनाया है। वहीं  कॉंग्रेस ने भी पूर्व घोषित नाम को हटाकर पूर्व पार्षद महेश  सोनकर को मैदान में उतारा है।  नंदलाल यादव निर्दलीय के रूप में भाग्य आजमा रहे हैं। 

वार्ड 03 में भाजपा के हेमांश रवि ठाकुर और कॉंग्रेस की ललिता ध्रुव के मध्य सीधी टक्कर है। इसी तरह वार्ड 04 में कॉंग्रेस के पूर्व पार्षद मनहरण यादव के सामने भाजपा  के युवा प्रत्याशी उमाकांत साहू को उतारा गया है। 

वार्ड 05 भी बेशक रोचक हो सकता है इस वार्ड से वरिष्ठ भाजपा नेता नारायण सोनकर को पार्टी ने टिकट दिया है वहीं पूर्व में भाजपा से अपनी किस्मत आजमा चुके विकास सोनकर इसबार कॉंग्रेस का दामन थामकर जीत की आस में हैं। 

वार्ड 06 में रूपेश कुमार महिलांग (भाजपा) के सामने युगेश्वर पटेला कॉंग्रेस से मैदान में हैं, विनोद कुमार बंजारे निर्दलीय प्रत्याशी हैं। वार्ड 07 में भी मुकाबला कांटे का होने के आसार हैं यहां एक ही परिवार के दो लोगों को टिकट दी गई है जहां भाजपा से शकुन खैरवार चुनावी मैदान में हैं वही कॉंग्रेस ने लता खैरवार पर भरोसा जताया है। निर्दलीय के रूप में उर्मणी साहू भी मैदान में हैं। वार्ड 08 में कॉंग्रेस के पूर्व पार्षद प्रमोद सिंह राजपूत को पुन: टिकट दिया है, वहीं भाजपा के गोविंद बघेल मुकाबले के लिए तैयार हैं।

वार्ड 09 में भी कांग्रेस के लेखराम साहू का सीधा मुकाबला भाजपा के पूर्व युवा मोर्चा अध्यक्ष सुजीत यादव होगा। वार्ड 10 में भी दोनों ही पार्टियों में सीधी टक्कर है भाजपा से हरिदास वैष्णव तो कॉंग्रेस से निशांत स्वर्णकार अपनी किस्मत आजमाएंगे। वार्ड 11 में जहां भाजपा की पूर्व पार्षद रितिका मिथलेश यादव पुन: मैदान में हैं वहीं कॉंग्रेस ने  संगीता कुर्रे को टिकट दी गई है। निर्दलीय प्रत्याशियों में सुनीता तिवारी, जनक बाई कुर्रे और सीमा बंजारे हैं। 

वार्ड 12 से हेमलता साहू कॉंग्रेस तो उमेश्वरी साहू भाजपा की प्रत्याशी हैं। वार्ड 13 से होमेन्द्र साहू भाजपा से तो डिकेन्द्र साहू कॉंग्रेस के प्रत्याशी हैं। वार्ड 14 में कॉंग्रेस के पूर्व पार्षद ओम नारायण वर्मा को पुन: मैदान में उतारा गया है वहीं भाजपा की ओर से श्रीमती रीता पाण्डेय मुकाबले के लिए तैयार हैं। 

वार्ड क्रमांक 15 एक महत्वपूर्ण वार्ड है, इस वार्ड में अब तक भाजपा के अलावा कोई प्रत्याशी चुनाव जीत नहीं पाया है। इस बार यह वार्ड इसलिए भी महत्वपूर्ण है कि इस वार्ड में वरिष्ठ भाजपा नेता रामाधार शर्मा को पार्टी ने टिकट दिया है वहीं बागी हुए अनुराग गुप्ता ने भी निर्दलीय के रूप में ताल ठोक दी है। यही नहीं इसी वार्ड में पहली बार आम आदमी पार्टी की ओर से आरिफ हुसैन ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज करा दी है। कॉंग्रेस ने प्रकाश गज्जर पर भरोसा जताया है वहीं निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में विपुल दुबे लक्ष्मण जगत की भी उम्मीदवारी है। 

ज्ञात हो कि 2009 के पालिका चुनाव में इसी वार्ड से कुल 9 उम्मीदवार मैदान में उतरे थे फिर भी भाजपा ने ही जीत दर्ज कराई थी। वार्ड 16 में भाजपा से भुनेश्वर साहू एवं कॉंग्रेस से पूर्व पार्षद युजेन्द्र साहू मैदान में हैं। 

वार्ड 17 से नीलम बंजारे भाजपा और कॉंग्रेस से निर्मला राकेश कुर्रे को टिकट दी गई है वहीं निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में प्रभा बंजारे भी मौजूद हैं। वार्ड 18 से भाजपा प्रत्याशी आर प्रवीण राव  हैं जो पिछले चुनाव में महज एक वोट से हारे थे वहीं कॉंग्रेस की ओर  से एस लक्ष्मण राव को पार्टी ने टिकट दी है। आम आदमी पार्टी की तरफ से राजेश बंछोर किस्मत आजमा रहे हैं। वार्ड 19 में  इन्देश्वरी साहू कॉंग्रेस एवं लता पुनेश साहू भाजपा की प्रत्याशी है। 

वार्ड 20 में कॉंग्रेस की पूर्व प्रत्याशी जानकी ध्रुव पुन: मैदान में हैं वहीं   भाजपा की ओर से प्रीति ध्रुव मैदान में हैं। वार्ड 21 में भाजपा प्रत्याशी हेमलता धीवर और कॉंग्रेस की माधुरी यादव के बीच सीधी टक्कर है। वार्ड 22 में कॉंग्रेस के लक्ष्मीनारायण मारकंडे  एवं भाजपा से संदीप कुमार मारकंडे मैदान में हैं। टिकट न मिलने से नाराज भाजपा के ओंकार प्रसाद मारकंडे इसबार निर्दलीय चुनाव लड़ रहे हैं। 

वार्ड 23 में भाजपा के पूर्व पार्षद लोकेश कुमार साहू पुन: मैदान में हैं वहीं कॉंग्रेस के अनिल कुमार साहू को पार्टी ने टिकट दिया है। अनिरुद्ध, टुमन लाल एवं उमेश कुमार निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में मैदान में हैं। अंत मे वार्ड 24 में भाजपा की श्रीमती ममता साहू और कॉंग्रेस की सीमा यादव  के मध्य सीधी टक्कर है। 
जीत का सेहरा किसी के भी सर हो, इसबार का यह चुनाव वाकई दिलचस्प रहेगा।


अन्य पोस्ट