दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 1 फरवरी। शादी के दौरान पटाखे फोडऩे की बात पर डीजे संचालक एवं उसके साथी ने युवक पर चाकू से वार कर दिया, वहीं दूसरे पक्ष ने भी डीजे संचालक एवं उसके परिवार वालों के साथ मारपीट की। दोनों ही पक्ष की शिकायत पर मोहन नगर पुलिस ने धारा 296, 351(3), 109(1), 3(5)के तहत काउंटर केस दर्ज कर मामले को जांच में लिया है।
पुलिस के मुताबिक रामनगर उरला में विजय गुप्ता के लडक़े विशाल गुप्ता की शादी का कार्यक्रम चल रहा था। 30 जनवरी को विशाल गुप्ता की बारात प्रस्थान करते समय रात लगभग 10.30 बजे पटाखे फोडऩे के दौरान डीजे संचालक अनिकेत रामटेके एवं उसके साथी साहिल सोक्कर निवासी बीडी़ कॉलोनी उरला द्वारा विवाद किया गया। इसके बाद गुप्ता परिवार द्वारा समझाइश पर मामले को शांत किया। अनिकेत रामटेके व साहिल सोक्कर भी वहां से घर चले गए। कुछ देर बाद अपने दोस्त के साथ वापस आए और विशु गुप्ता के साथ गाली गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देकर हत्या करने की नीयत से अपने पास रखे धारदार चाकू से विशु गुप्ता के पेट में वार कर दिया। इससे विशु गुप्ता गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती किया गया।
पुलिस ने बताया कि विशु गुप्ता के परिवार वालों ने भी अनिकेत रामटेके एवं उसके परिवार वालों के साथ मारपीट की। दोनों पक्ष की शिकायत पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।