दुर्ग

कंपनी के पैसों का गबन एक और आरोपी बंदी तीन आरोपी पहले ही पकड़े जा चुके हैं
01-Feb-2025 2:29 PM
कंपनी के पैसों का गबन  एक और आरोपी बंदी तीन आरोपी पहले ही  पकड़े जा चुके हैं

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
दुर्ग, 1 फरवरी।
स्पंदना स्फूर्ति फाइनेंशियल लिमिटेड कंपनी के पैसों का गबन कर धोखाधड़ी करने वाले फरार आरोपी रितेश को पकडऩे में पुलिस को सफलता मिली है। इस मामले के तीन अन्य आरोपी को पुलिस ने पहले ही गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है। आरोपियों  द्वारा 182771 रुपए की राशि का गबन किया गया था। फरार आरोपी रितेश बंजारे को पुलिस ने बेमेतरा से गिरफ्तार किया और उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

प्रार्थी राजकुमार केवर्त निवासी हाल मुकाम कैलाश नगर एकता चौक ने शिकायत दर्ज कराई कि स्पंदना स्फूर्ति फाइनेंशियल लिमिटेड कंपनी जो वर्तमान में कैलाश नगर एकता चौक लोहिया रोड ग्रेस कॉलोनी में स्थित है वहां प्रार्थी राजकुमार क्षेत्रीय प्रबंधक के पद पर जिला राजनांदगांव से भिलाई में पदस्थ हुआ है। 

पद पर ज्वाइन करने के बाद पुराना रिकार्ड देखा तो उसे जानकारी मिली कि स्पंदन स्फूर्ति फाइनेंस लिमिटेड कंपनी शाखा जवाहर नगर में गीता राम साहू द्वारा उधारकर्ता ग्राहकों से लोन की किस्त प्रति माह ली गई, किंतु शाखा में जमा नहीं की गई थी। 

गीता राम साहू ने कुल 3,16,002 रुपए जमा नहीं किए थे। अविनाश यादव पिता बालेश्वर यादव ने क्रेडिट असिस्टेंट के पद पर कार्य करते हुए उधार कर्ता ग्राहकों से लोन की किस्त प्रति  माह ली, किंतु शाखा में कुल 2,23,595 रुपए जमा नहीं किए थे। 

इसी तरह रितेश बंजारे पिता राधेश्याम बंजारे ने 3,01,036 रुपए जमा नहीं किए थे ।बृजलाल साहू ने ग्राहकों से लोन की किस्त लेने के बावजूद शाखा में 1, 82,771 रुपए जमा नहीं किए थे और वर्तमान में काम छोड़ चुके हैं। प्रार्थी ने इसकी शिकायत थाना वैशाली नगर में की थी। पुलिस ने धारा 420, 409,34 के तहत अपराध दर्ज कर जांच में लिया था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र शुक्ला के निर्देश पर वैशाली नगर थाना प्रभारी अमित कुमार अंदानी के नेतृत्व में टीम ने आरोपी गीता राम साहू बलौदा बाजार, बृजलाल साहू  पिथौरा, महासमुंद, अविनाश यादव सरायपाली जिला महासमुंद को पकडक़र थाने में लाया गया था। 

पूछताछ करने के बाद आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार किया था। आरोपियों को 28 दिसंबर को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया था।  वैशाली नगर पुलिस की टीम फरार आरोपी रितेश बंजारे की पतासाजी में लगी हुई थी। रितेश के जिला बेमेतरा में होने की सूचना मिलने पर टीम रवाना की गई थी। पुलिस ने आरोपी रितेश बंजारे पिता राधेश्याम बंजारे निवासी भीकमपुर तहसील नवागढ़ जिला बेमेतरा को गिरफ्तार कर लिया है।


अन्य पोस्ट