दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 1 फरवरी। डरा,धमका व प्रशासनिक तंत्र का दुरूपयोग कर अपने पार्षदों का भाजपा निर्विरोध निर्वाचन करा रही है। राजीव कांग्रेस भवन में कार्यकर्ताओं की बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने उक्त बातें कही।
इस दौरान उन्होंने वार्ड 21 में कांग्रेस के पार्षद प्रत्याशी द्वारा इस्तीफा देने से पार्टी की हुई किरकिरी को लेकर कांग्रेस के स्थानीय दिग्गज नेताओं को लताड़ लगाते हुए कहा कि 5 साल तक निगम की सत्ता में रहते हुए आस्तीन का सांप पाल रखा था। श्री बघेल ने धमतरी में कांग्रेस के महापौर प्रत्याशी का नामांकन निरस्त होने और निकाय चुनाव के लिए कुछ वार्डों में भाजपा पार्षदों के निर्विरोध निर्वाचन को लेकर भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि हार के डर से भाजपाई डरा, धमकाकर नामांकन वापस करवा रहे हैं। प्रशासनिक तंत्र का दुरूपयोग कर नामांकन निरस्त भी करवाया जा रहा है।
उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से कहा कि भाजपा से डरने की जरूरत नहीं है। सब एक जुट होकर चुनाव लड़ेंगे तो कांग्रेस को जीत जरूर मिलेगी। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा सरकार के सवा साल के कार्यकाल में किसी भी निकायों को विकास कार्यों के लिए राशि नहीं मिली है, जो भी काम दिख रहा है वह कांग्रेस शासनकान के पांच साल के कार्यकाल में हुआ था।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पूर्व गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू, पूर्व विधायक अरुण वोरा और दुर्ग निगम से कांग्रेस की महापौर प्रत्याशी प्रेमलता साहू ने भी संबोधित किया।
भूपेश बघेल ने बैठक में मौजूद काग्रेस के स्थानीय नेताओं को नसीहत भी दी। उन्होंने कहा कि पार्टी के सभी प्रमुख नेता अलग अलग टीम बनाकर रोजाना चुनाव प्रचार के लिए निकले। महापौर प्रत्याशी के साथ सिर्फ महिलाओं और युवाओं की टोली रहे। श्री बघेल ने कहा कि महापौर और पार्षद प्रत्याशी चुनाव प्रचार के दौरान एक दूसरे के लिए वोट मांगे। वार्डों में चुनाव प्रचार पर नजर रखने कांग्रेस के अलग अलग प्रकोष्ठों की हर वार्ड में एक टीम भी बनाई जाए।
उन्होंने कहा कि टिकट वितरण तक लडऩा झगडऩा ठीक है, लेकिन अब जिसे प्रत्याशी बनाया गया है उसे जीताने के लिए सभी एकजुट होकर काम करें ।