दुर्ग
दुर्ग, 31 जनवरी। छोटे से विवाद ने बड़ा रूप ले लिया। विवाद समाप्त होने के बाद गुस्साए आरोपियों ने वापस आकर युवक के साथ जमकर मारपीट की एवं चाकू डंडे से वार किया। इससे युवक को गंभीर चोटें आई और उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कोतवाली पुलिस आरोपियों के खिलाफ धारा 109, 115 (2), 296, 351 (2) के तहत अपराध दर्ज कर जांच में लिया है।
पुलिस के मुताबिक विवेक ठाकुर एवं उसके साथी अजय देशमुख, प्रिंस राजपूत, अनुज सोनी का शिव पारा दुर्ग के आरोपी विपाशा साहू, मोहित ढीमर एवं आशु निषाद के साथ गंजपारा चौक में 29 जनवरी की शाम को विवाद हुआ था। साधारण वाद विवाद होने के बाद सब वापस अपने-अपने घर चले गए थे। इसी बात को लेकर रात लगभग 7.45 बजे आरोपी विपाशा साहू अपने साथी मोहित ढीमर, आशु निषाद एवं अन्य साथियों के साथ मोटरसाइकिल में राड, डंडा व चाकू लेकर विवेक ठाकुर के घर के पास आया और उसे पकडक़र गाली गलौज देते हुए मारपीट करने लगे। आरोपियों ने हत्या करने की नीयत से राड एवं चाकू से विवेक पर वार कर दिया। इससे विवेक के पीठ, जांघ, पेट आदि में चोटे आई और उसे जिला अस्पताल ले जाकर भर्ती किया गया। प्रार्थी मनोहर सोरी की शिकायत पर पुलिस ने अपराध दर्ज किया है।