दुर्ग

नामांकन रैली के बहाने भाजपा-कांग्रेस ने दिखाई ताकत
29-Jan-2025 2:24 PM
नामांकन रैली के बहाने भाजपा-कांग्रेस ने दिखाई ताकत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 29 जनवरी।
नामांकन दाखिले के अंतिम दिन मंगलवार को भाजपा तथा कांग्रेस के प्रत्याशियों ने रैली निकालकर शक्ति प्रदर्शन किया। भाजपा ने पुराने बस स्टैण्ड में सभा का भी आयोजन किया। उसके बाद रैली की शक्ल में बाजे-गाजे के साथ नामांकन दाखिल करने महापौर प्रत्याशी अलका बाघमार सहित उसके समर्थक कलेक्टोरेट पहुंचे। इसी तरह कांग्रेस के महापौर प्रत्याशी प्रेमलता पोषण साहू के साथ उनके समर्थक बड़ी संख्या में नामांकन के लिए पहुंचे हुए थे। दुर्ग निगम चुनाव के लिए महापौर एवं पार्षदों को चुनने 11 फरवरी को मतदान किया जाना है।

दुर्ग निगम चुनाव के लिए भाजपा द्वारा घोषित महापौर एवं पार्षदों ने अंतिम दिन अपना नामांकन दाखिल किए। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, राष्ट्रीय नेत्री सरोज पाण्डेय एवं विधायक गजेन्द्र यादव के साथ सभी प्रत्याशियों ने कलेक्टरेट में नामांकन जमा कर रैली के साथ सभा स्थल पहुंचे और शहर सरकार से कांग्रेस को हटाकर भाजपा का परचम लहराने अपील की। भाजपा प्रत्याशी अलका बाघमार ने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ कलेक्टोरेट जाकर नामांकन का दूसरा सेट दाखिल किए। नामांकन पश्चात पुराना बस स्टैंड में सभा का आयोजन किया गया, जहां भाजपा नेताओं ने निगम चुनाव में सभी प्रत्याशी को ऐतिहासिक जीत दिलाने कार्यकर्ताओं में ऊर्जा का संचार किए।

बड़ी संख्या में पहुंचे कार्यकर्ताओं को उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा एवं भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सरोज पाण्डेय ने सम्बोधित करते हुए बीते पांच साल से दुर्ग की जनता कांग्रेस सरकार का दंश झेल रही है अब इन्हें उखाड़ फेंकना है। दुर्ग निगम में बैठकर कांग्रेसियों ने सिर्फ भ्रष्टाचार किया है। जनता को पानी, बिजली और सफाई जैसे आवश्यक कार्य को भी ठीक से नहीं किए। भाजपा सरकार में किए कार्यों को दिखाकर झूठ बोलते रहे।

नगर निकाय चुनाव के लिए कांग्रेस ने अपनी शक्ति और एकजुटता का भव्य प्रदर्शन किया। मेयर प्रत्याशी प्रेमलता साहू की नामांकन रैली, जो कांग्रेस भवन से शुरू हुई, शहर में कांग्रेस के विजयी अभियान का संदेश दे गई। 

इस रैली में अरुण वोरा ने कहा कि संगठन को हमेशा सर्वोपरि मानना चाहिए। हर कार्यकर्ता को एकजुट होकर हमारी मेयर प्रत्याशी को भारी मतों से विजयी बनाना है। 60 वार्डों के सभी कांग्रेस प्रत्याशी पूरे उत्साह और जोश के साथ इस रैली में शामिल हुए, और उनकी उपस्थिति ने जनता में जीत का भरोसा और मजबूत किया।

इस अवसर पर अरुण वोरा ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को एकजुटता का मंत्र देते हुए कहा, यह चुनाव संगठन की ताकत और हमारे संकल्प का परिचय है। हम केवल चुनाव नहीं लड़ रहे, हम दुर्ग की प्रगति और जनता की सेवा के लिए मैदान में हैं। रैली के दौरान ढोल-नगाड़ों की गूंज, कार्यकर्ताओं के जोशीले नारे, और कांग्रेस की झंडियों से सजे हुए रास्तों ने चुनावी माहौल को गर्मा दिया। जनता की भारी भागीदारी और कार्यकर्ताओं के उत्साह ने यह स्पष्ट कर दिया कि दुर्ग में कांग्रेस एकजुट होकर इतिहास रचने को तैयार है।


अन्य पोस्ट