दुर्ग
दुर्ग, 24 जनवरी। नगर निगम के सहयोग से छत्तीसगढ़ मंच दुर्ग एवं शहर के गायक कलाकारों द्वारा शहर के हृदय स्थल पुराना बस स्टैंड में शाम 5 बजे से रात्रि 10 बजे तक गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर देशभक्ति गीतों ऐ मेरे वतन के लोगों एवं मतदाता जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया है। मंच के अध्यक्ष ईश्वर सिंह राजपूत, सचिव तुलसी सोनी एवं गुलाब चौहान ने जानकारी देते हुए बताया कि राष्ट्रीय पर्व स्वतंत्रता दिवस एवं गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर नगर निगम दुर्ग के सहयोग से विगत 4 वर्षों से पुराना बस स्टैंड में देशभक्ति गीतों का कार्यक्रम किया जा रहा है।
नगर निगम दुर्ग की प्रशासक सुश्री ऋचा प्रकाश चौधरी एवं आयुक्त सुमित अग्रवाल ने इस वर्ष भी इस परंपरा को बनाए रखने की सहमति प्रदान की है। आचार संहिता लागू होने की वजह से कार्यक्रम रात्रि 10 बजे तक चलेगा। उक्त कार्यक्रम के साथ साथ मतदाता जागरूकता अभियान हेतु भी लोगो को प्रेरित किया जाएगा। उक्त कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ की गायिका पूर्वा श्रीवास्तव,पीयूष मनहरे,शरीक अली, गुलाब चौहान,हाजी मिर्जा साजिद बैग,जाहिद अली,हरीश सोनी,संजय लारोकर, संजय दुबे, मदन डोंगरे,दुर्गा भाई,मतीन भाई सहित अन्य गायक कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे।
कार्यक्रम का संचालन शमसुद्दीन थारानी करेंगे। मंच के उपाध्यक्ष दिनेश जैन,त्रिलोक सोनी संजय खंडेलवाल ने इस अवसर पर शहर के समस्त संगीत प्रेमियों से उक्त आयोजन में उपस्थिति प्रदान करने की अपील की है।