दुर्ग

स्वसहायता समूहों के लिए साइबर क्राइम और वित्तीय साक्षरता पर कार्यशाला
24-Jan-2025 2:53 PM
स्वसहायता समूहों के लिए साइबर क्राइम और वित्तीय साक्षरता पर कार्यशाला

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 24 जनवर्री।
जिला पंचायत और पुलिस प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन बिहान अंतर्गत स्वसहायता समूहों की दीदियों के लिए साइबर क्राइम और वित्तीय साक्षरता पर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें साइबर अपराध के विभिन्न पहलुओं और उनसे बचने के उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ बजरंग कुमार दुबे, एएसपी सुखनंदन राठौर भिलाई, सत्यप्रकाश तिवारी सीएसपी, संलल्प राय एस आई एवं प्रकाश राव, अग्रणी बैंक प्रबंधक जिला दुर्ग एवं प्रशासन की टीम द्वारा समूह की महिलाओं को ऑनलाईन वित्तीय धोखाधड़ी से बचने के संबंध में जागरूक किया गया।

कार्यशाला में महिलाओं को बताया गया कि किसी भी अनजान व्यक्ति को अपने बैंक खाते की जानकारी एवं ओटीपी आदि को नहीं बताना चाहिए। मोबाईल पर आये अनजान लिंक एवं एप्लीकेशन को डाउनलोड नहीं करना चाहिए। इससे मोबाईल हैक होने एवं बैंक खाते से पैसे चोरी होने का खतरा रहता है। उन्होंने इस संबंध में समूह की महिलाओं को जागरूक करते हुए अपने बच्चों एवं आसपास के लोगों को भी जागरूक करने की अपील की। कार्यशाला में दीदियों को अभिव्यक्ति ऐप के बारे में जानकारी दी गई। सीईओ बजरंग कुमार दुबे ने बताया कि इस ऐप के जरिए वे सीधे पुलिस से संपर्क कर सकती हैं। एसओएस बटन दबाने पर घर के किसी सदस्य को तुरंत अलर्ट संदेश पहुंच जाएगा। इसके अलावा, ट्रू-कॉलर एप्प के उपयोग के बारे में समझाया गया।

रेड कलर से चिन्हित स्पैम कॉल्स को न उठाने और केवल ब्लू चिह्नित नंबरों पर भरोसा करने की सलाह दी गई। वित्तीय सुरक्षा पर विशेष जोर दिया गया कार्यशाला में समूह की दीदियों को सतर्क रहने और कहीं भी अनियमित निवेश न करने की सलाह दी गई। साथ ही अनजान एपीके फॉर्मेट फाइल डाउनलोड करने से बचने को कहा गया, क्योंकि इससे फोन का पासवर्ड और अन्य निजी जानकारी चोरी होने का खतरा रहता है। साइबर अपराध से बचने के टिप्स देते बताया गया कि हर 15 दिन या महीने में अपने कॉलिंग और मैसेजिंग ऐप्स का पासवर्ड बदलें। अनजान लिंक या संदेशों पर क्लिक न करें। 

निवेश करते समय प्रमाणित संस्थानों पर ही भरोसा करें। साइबर फ्राड से बचने हेतु किये जाने वाले उपाय अपने मोबाईल को संबंधित बैंक में पंजीकृत करवायें। समय-समय पर खाता-पासबुक चेक करें। ओटीपी का उपयोग सावधानी पूर्वक करें। ओटीपी किसी से शेयर न करें। अपना पासवर्ड सुरक्षित रखें एवं समय-समय पर बदलते रहे। शंका होने पर पुलिस 1930 के टोलफ्री नंबर पर संपर्क करें। कार्ड स्वेप मशीन का उपयोग स्वयं करें। पासवर्ड छुपाकर अंकित करना चाहिए। कार्ड उपयोग होने के उपरांत कार्ड को उल्टा कर पुन: स्वैप करें। एटीएम कार्ड खोने पर तत्काल बैंक को सूचित करें। 

एटीएम कार्ड नं., पिन नं. वैधता तिथि किसी से शेयर न करे। अपना पर्सनल जानकारी किसी को न देे, अति आवश्यक होने पर बैंक जाकर जानकारी चेक करे, फ्राड काल, ईनामी मैसेज से बचे, समय समय पर अपना एटीएम कार्ड पासवर्ड बदलते रहे, किसी भी साईट में सर्च करने से पहले अपनी गोपनीय दस्तावेज अपलोड न करें। डेबिट/कैडिट कार्ड बंद होने की बात कह कर लोगों को भ्रम में डालते हैं। अपने आप को बैंक का अधिकारी बताते हैं। आधार कार्ड अपडेट करने के नाम पर ओटीपी मांगते है। अगर आपका कार्ड चोरी हो गया है तो अपना डेबिट कार्ड का तुरंत ब्लाक करवाना चाहिए एवं भूलकर भी किसी के साथ पिन नम्बर साझा न करें। हमेशा सिक्योर पेमेंट गेटवे से ही भुगतान करना चाहिए। पासवर्ड को लिखकर या मोबाईल में न रखें। एटीएम में किसी अनजान व्यक्ति से न सहयोग ले, न ही सहयोग दें। अज्ञात व्यक्तियों द्वारा लॉटरी के नाम पर ठगी किया जाता है, उनसे बचे। टॉवर लगाने के नाम पर ठगी लालच में न आयें। इश्योरेंस कंपनी के फर्जी अधिकारी बनकर ठगी होती है। इसकी जांच पड़ताल करे। चेहरा पहचानों, ईनाम जीतो प्रतियोगिता पर ध्यान न देखें। फर्जी चिट फंड कंपनी के झांसे में आकर पैसा इनवेस्ट न करें। जेवर चमकाने के नाम पर ठगी, फर्जी बाबाओं से सावधान रहें। लोन (ऋण) के नाम पर ठगी फर्जी फोन कॉल से बचे।

ऑनलाईन फ्रॉड के तरीके बैंक मैनेजर बनकर एटीएम नम्बर पूछ कर फ्राड किया जाता है। इंश्योरेंस कंपनी एजेंट बनकर फ्राड, फर्जी ईमेल आईडी बनाकर फ्राड, मेट्रीमोनियल साईट पर शादी के नाम पर दोस्ती कर फ्राड, फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर फ्राड किया जाता है। इन सबके बारे में सतर्क संबंध में जानकारी दिया गया जिसमें योगेश्वरी बसहा. परियोजना अधिकारी संध्या सिन्हा ब्लाक पीआरपी, एफएलसीआरपी,  सीएलएफ के अध्यक्ष/सचिव बैक मित्र अन्य स्व-सहायता समूह की दीदीयां शामिल रही।


अन्य पोस्ट