दुर्ग

दुर्ग के 7 नगरीय निकायों में आम व 3 में उप चुनाव के लिए नामांकन
22-Jan-2025 4:19 PM
दुर्ग के 7 नगरीय निकायों में आम व 3 में उप चुनाव के लिए नामांकन

नगरीय निकायों में 173 व पंचायतों में 5130 पदों के लिए होना है चुनाव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 22 जनवरी।
जिले के 7 नगरीय निकायों में आम व 3 में उप चुनाव के लिए बुधवार से नामांकन दाखिल किए जाएंगे। दुर्ग नगर निगम के महापौर व पार्षद पद के लिए कलेक्ट्रेट में बनाए गए नामांकन केन्द्र में नाम निर्देशन पत्र स्वीकार किए जाएंगे। जिले के नगरीय निकायों में महापौर, अध्यक्ष एवं पार्षदों के कुल 173 व त्रिस्तरीय पंचायत राज संस्थाओं में कुल 5130 पदों के लिए चुनाव होना है। उक्त जानकारी कलेक्ट्रेट सभाकक्ष आयोजित पत्रकार वार्ता में कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी ने दी।

उन्होंने बताया कि जिले नगर निगम दुर्ग, नगर पालिका परिषद अहिवारा, कुम्हारी व अमलेश्वर एवं नगर पंचायत धमधा, पाटन तथा उतई में आम निर्वाचन होंगे वहीं नगर पालिक निगम भिलाई, रिसाली एवं चरोदा भिलाई में पार्षदों के क्रमश: 2,1 एवं 1 पद के लिए उप चुनाव होंगे। उन्होंने कहा कि इसके लिए संपूर्ण व्यवस्था कर ली गई है। मतदान केन्द्रों का निरीक्षण कर लिया गया नगरीय क्षेत्र के 404 में 176 एवं ग्रामीण क्षेत्र के 859 मतदान केन्द्रों में से 370 संवेदन शील मतदान केन्द्र के रूप में चिन्हांकित किए गए है। इस अवसर पर एडीएम अरविन्द एक्का, सहायक कलेक्टर एम. भार्गव, उप जिला निर्वाचन अधिकारी अपर कलेक्टर विरेन्द्र और एएसपी अभिषेक झा भी मौजूद थे। 

नगरीय निकाय क्षेत्र में नगर पालिक निगम महापौर के लिए 20000 एवं पार्षद पद के प्रत्याशी को नामांकन शुल्क के रूप में निक्षेप राशि 5 हजार रूपए जमा करना होगा। वहीं नगर पालिका परिषद अध्यक्ष के लिए 15000 एवं पार्षद प्रत्याशी को 3000 रुपए नामांकन शुल्क देना होगा नगर पंचायत अध्यक्ष के लिए 10000 तथा पार्षद पद के लिए 1000 रूपए है। अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग तथा महिला वर्ग के आवदेकों के लिए निर्धारित राशि में 50 प्रतिशत की छूट आयोग द्वारा प्रदान की गई है।

अन्य निकायों में होने वाले चुनाव के लिए निम्नानुसार नामांकन स्वीकार किए जाएंगे। नगर पालिक निगम भिलाई अतिरिक्त तहसीलदार कक्ष नगर निगम भिलाई, नपानि कार्यालय आयुक्त रिसाली, नपानि भिलाई-चरोदा कार्यालय नपानि चरोदा, नपा परिषद अहिवारा तहसील कार्यालय अहिवारा, नगर पालिका परिषद अमलेश्वर कार्यालय नपा अमलेश्वर, नगर पालिका परिषद कुम्हारी कार्यालय नगर पालिका कुम्हारी, नगर पंचायत धमधा नगर पंचायत भवन, नगर पंचायत पाटन तहसील कार्यालय पाटन एवं नगर पंचायत उतई के विभिन्न पदों के लिए नामांकन शासकीय तुलाराम महाविद्यालय उतई में स्वीकार किए जाएंगे।

कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ऋचा प्रकाश चौधरी के मार्गदर्शन में नगरीय निकाय एवं त्रिस्तरीय पंचायतों के लिये शिकायत सेल का गठन किया गया है, जिसके कंट्रोल रूम का दूरभाष नंबर 0788-2320601 है। कंट्रोल रूम का प्रभारी अधिकारी संयुक्त कलेक्टर लता युगल उर्वशा होंगी। इनके सहायक शसुवर्षा राव सहायक ग्रेड-2, रीतू राजपूत सहायक ग्रेड-2 कार्यालय कलेक्टर दुर्ग तथा सहायक सहायक ग्रेड-3 कृति रामटेके कार्यालय आदिवासी दुर्ग होंगे।

सूचना प्रकोष्ठ का गठन
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ऋचा प्रकाश चौधरी के मार्गदर्शन में नगरीय निकायों के आम व उप निर्वाचन के दौरान निर्वाचन से संबंधित जानकारी के संकलन और सम्प्रेषण के लिए जिला कार्यालय में सूचना प्रकोष्ठ का गठन किया गया है। जिसके प्रभारी अधिकारी सहायक सांख्यिकी अधिकारी रीना गजभिये मो. 9407770141 होंगे। सहायक प्रभारी अधिकारी नमिता पन्ना सहायक ग्रेड-2 मो.नं 9907840646, शीतल साहू सहायक ग्रेड-3 मो. 7828345816 और झुमुक लाल यादव भृत्य मो. 9754765442 होंगे।

ध्वनि विस्तारक यंत्रों के संबंध में प्रतिबंधित आदेश जारी
छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग रायपुर के द्वारा नगरीय निकाय एवं त्रिस्तरीय पंचायत आम निर्वाचन 2025 के लिए कार्यक्रम जारी किये जाने के साथ ही आदर्श आचरण संहिता प्रभावशील हो चुकी है। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने नगर पालिका व त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन के तहत नगर पालिक निगम दुर्ग एवं भिलाई, रिसाली, भिलाई चरोदा तथा नगर पालिका परिषद कुम्हारी, अम्लेश्वर, अहिवारा एवं नगर पंचायत धमधा,पाटन,उतई और जनपद पंचायत दुर्ग/धमधा/पाटन में आम निर्वाचन 2024-25 के मद्देनजर कोलाहल नियंत्रण अधिनियम-1985 की धारा 4,5,10 एवं 11 द्वारा प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए जिले में तीव्र संगीत व ध्वनि विस्तारक यंत्र के उपयोग पर रात्रि 10 बजे से सुबह 6 बजे तक पूर्णत: प्रतिबंध कर दिया है। कोई भी व्यक्ति वाहन से कोई ऐसा विद्युत हार्न नही बजाएगा जिससे सामान्य पैदल चलने वाले व्यक्ति घबरा जाए या जिसे सुनकर क्षोभ या संत्रातकारित हो। यह आदेश तत्काल प्रभावशील हो गया है तथा निर्वाचन कार्य समाप्ति तक प्रभावशील रहेगा।

 यह प्रतिबंध धारा 13 के तहत जिन्हें कानून द्वारा छूट प्रदान की गई है उन पर लागू नहीं होगा। यदि किसी व्यक्ति को विशेष प्रयोजन के लिए छूट की आवश्यकता हो तो वह संबंधित अनुविभागीय दण्डाधिकारी/उप पुलिस अधीक्षक से लिखित अनुमति प्राप्त कर सकेगा। संबंधित अनुविभागीय दण्डाधिकारी/उप पुलिस अधीक्षक अनुमति देते समय शर्ते तथा समय सीमा तय करते हुए अनुमति प्रदान कर सकेंगे। यदि अनुमति दिए जाने के उपरांत संबंधित अनुविभागीय दण्डाधिकारी/उप पुलिस अधीक्षक उचित समझे कि शर्तो का पालन नहीं किया जा रहा है तो अनुमति निरस्त कर सकेंगे।

चुनाव के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने धारा 163 के तहत प्रतिबंधात्मक आदेश जारी
छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग रायपुर के द्वारा निर्वाचन कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही जिले में आदर्श आचरण संहिता प्रभावशील हो चुकी है। कलेक्टर ने सभी राजनीतिक दलों और शासकीय अधिकारियों को छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी आचरण संहिता का पालन सुनिश्चित करने शांतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव संपन्न कराने के लिए नगर पालिका एवं त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन के तहत नगर निगम दुर्ग एवं भिलाई, रिसाली, भिलाई चरोदा , नगर पालिका परिषद कुम्हारी,अम्लेश्वर,अहिवारा तथा नगर पंचायत धमधा,पाटन,उतई एवं जनपद पंचायत दुर्ग/धमधा/पाटन में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 के तहत प्रदत्त अधिकारों का प्रयोग करते हुए प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किए हैं। दुर्ग जिले के अंदर कोई भी व्यक्ति किसी भी प्रकार का घातक अस्त्र-शस्त्र यथा बन्दूक, राइफल, भाला, बल्लम, बरछा, लॉठी एवं अन्य प्रकार के घातक हथियार तथा विस्फोटक सामग्री लेकर किसी भी सार्वजनिक स्थान, आम सडक़, रास्ता, सार्वजनिक सभाओं, रैली, जूलूस एवं अन्य स्थानों पर नहीं चलेगा। कोई भी राजनीतिक या अभ्यर्थी सशस्त्र जुलूस नहीं निकालेगा और न ही आपत्तिजनक पोस्टर वितरित करेगा। दुर्ग जिले के नगर निगम दुर्ग एवं शेष नगरीय निकायों तथा जनपद पंचायतों के अंतर्गत कोई भी व्यक्ति या व्यक्तियों का समूह बिना सक्षम प्राधिकारी की अनुमति के न तो कोई सभा करेगा, न कोई रैली या जुलूस निकाल सकेगा और न ही कोई धरना देगा। यह आदेश शासकीय अधिकारियों-कर्मचारियों पर लागू नहीं होगा, जिन्हें अपने कार्य संपादन के लिए लॉठी या शस्त्र रखना आवश्यक है। यह आदेश उन शासकीय कर्मचारियों पर भी लागू नहीं होगा, जिन्हें चुनाव व मतदान के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस अधिकारी नियुक्त किया गया है। यह आदेश उन व्यक्तियों पर भी लागू नहीं होगा, जिन्हें शारीरिक दुर्बलताएं, वृद्धावस्था, लंगड़ापन होने के कारण सहारे के रूप में लॉठी रखना आवश्यक होता है।

यह आदेश का उल्लंघन करने वाला व्यक्ति/दल, भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 223 के अंतर्गत दंडनीय होगा। प्रकरण के तथ्यों एवं परिस्थतियों को देखते हुए इस आदेश के संबंध में संबंधितों को सूचना पत्र जारी कर सुनवाई सम्यक रूप से संभव नहीं है। अत: यह आदेश एक पक्षीय पारित किया गया है। यह आदेश तत्काल प्रभावशील हो गया है। निर्वाचन कार्य संपन्न होने तक दुर्ग जिले में प्रभावशील रहेगा।


अन्य पोस्ट