दुर्ग

आचार संहिता लागू होते ही राजनीतिक दलों के होर्डिंग्स, बैनर व पोस्टर हटाए
21-Jan-2025 2:52 PM
आचार संहिता लागू होते ही राजनीतिक दलों के होर्डिंग्स, बैनर व पोस्टर हटाए

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 21 जनवरी। नगरीय निकाय चुनाव के बिगुल बजते ही सभी राजनीतिक दलों के होर्डिंग्स, बैनर व पोस्टर हटाए जाने की कार्रवाई शुरू हो गई। आचार संहिता लागू होते ही दुर्ग निगम क्षेत्र में लगे होर्डिंग्स, बैनर व पोस्टर को उतारने निगम प्रशासन सक्रिय हो गए।

चुनाव की तारीखें घोषित होने के साथ ही प्रशासनिक अमला हरकत में आ गया। सोमवार को निर्वाचन आयोग की ओर से इसकी घोषणा किए जाने के बाद कलेक्टर/निगम प्रशासक ऋचा प्रकाश चौधरी के आदेश व आयुक्त सुमित अग्रवाल के निर्देश पर प्रभारी अतिक्रमण परमेश्वर के नेतृत्व में अतिक्रमण दल द्वारा सार्वजनिक स्थानों से होर्डिंग्स, बैनर, पोस्टर आदि प्रचार सामग्रियों को हटवाना शुरू कर दिया। पटेल चौक, जीई रोड, राजेन्द्र पार्क सहित गौरव पथ, जेल तिराहा, मिनी माता तिराहा, बस स्टैंड आदि जगहों पर लगातार राजनीतिक दलों के होर्डिंग को तेजी से हटाया गया।

इसके अलावा सरकारी कार्यालयों से भी होर्डिंग्स उतारने का कार्य शुरू किया गया है। साथ ही दीवारों में सभी राजनीतिक दलों के प्रचार प्रसार को भी पोता जा रहा है।

नगर निगम दुर्ग, स्थानीय निर्वाचन आदर्श आचार संहिता का सख्ती से पालन किए जाने के निर्देश है। निकाय क्षेत्र में वार्डवार एरिया का सर्वे किया जाएगा। शासकीय भवन तथा सार्वजनिक स्थल की संपत्तियों में किसी भी प्रकार का दीवार लेखन, बैनर, पोस्टर होर्डिंग, झंडा, फ्लेक्स तथा अन्य प्रचार सामग्रियों का चिन्हांकन कर उसे हटाया जाएगा।


अन्य पोस्ट