दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 19 जनवरी। आगामी नगरीय निकाय चुनाव की तैयारी एवं प्रत्याशी चयन को लेकर शहर जिला कांग्रेस की आयोजित बैठक में प्रदेश कांग्रेस की ओर से नियुक्त पर्यवेक्षक विकास उपाध्याय के सामने ही पार्टी कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। वहीं बैठक में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए श्री उपाध्याय ने क्षमतावान व आमजन की लड़ाई लडऩे वाले को ही कांग्रेस पार्टी द्वारा महापौर एवं पार्षद प्रत्याशी बनाए जाने का ऐलान किया।
इसके लिए हर वार्ड में अलग-अलग वरिष्ठ कांग्रेस नेता पर्यवेक्षक के रूप में वार्डों में बैठक लेकर दावेदारों से आवेदन लेंगे।
बैठक के दौरान पर्यवेक्षक को ही दावेदारों द्वारा अपना आवेदन देने होड़ लगी रही। वार्ड 39 से पार्षद पद के लिए टिकट का दावेदारी करने वाली शकुन ढीमर ने उन्हें उक्त वार्ड से वरिष्ठ कांग्रेसी पार्षद मदन जैन द्वारा टिकट नहीं मांगने के लिए दबाव बनाने की बात कही।
इसकी जानकारी मदन जैन को होने पर पर्यवेक्षक के सामने ही दोनों के बीच वाद विवाद होने लगी। इस पर पार्टी के अन्य कार्यकर्ताओं ने जैसे तैसे समझा कर मामला शांत कराया।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पर्यवेक्षक उपाध्याय ने कहा कि जल्द वार्ड पर्यवेक्षक के लिए 60 वरिष्ठ लोगों का नाम सूचीबद्ध करें ये पर्यवेक्षक अलग-अलग वार्ड में बैठक लेकर संबंधित वार्ड से पार्षद के टिकट के दावेदारों से पारदर्शिता के साथ बायोडाटा लेंगे। साथ ही कार्यकर्ताओं व प्रबुद्धजनों से रायशुमारी करेंगे। ऊपर का कोई नेता टिकट नहीं तय करता, इनमें जिसकी अच्छी पहचान, काम एवं छवि के दम पर लडऩा चाहते हैं उन्हें प्रत्याशी बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि हर वार्ड में वहां के सभी दावेदारों को एक साथ घर-घर घुमाए टिकट इनमें से एक को मिलेगा, जिन्हें पार्टी टिकट देगी उन्हें सबको मिलकर जीताना है। सोशल मीडिया पर एक -दूसरे पर छींटाकशी करने से बचे।
श्री उपाध्याय ने कहा कि कांग्रेस जो काम करेगा उनको आगे बढ़ाने में पीछे नहीं हटने वाली नई लीडरशिप को मौका मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि महापौर प्रत्याशी के लिए ब्लाक या जिला कांग्रेस कमेटी के अलावा वरिष्ठ पार्टी पदाधिकारियों को आवेदन किए जा सकते हैं। उन्होंने भाजपा पर प्रहार करते कहा कि महतारी वंदन के नाम पर 1000 रुपए देकर बिजली दर व महंगाई बढ़ाकर हर आदमी के सिर पर कर्जा लाद दिया है। अब नाम काटने तैयारी कर रही है। आयुष्मान कार्ड होने पर भी इलाज नहीं हो पा रहा है। इसे जनता को घर घर जाकर बताना है। भाजपा झूठ बोलकर एवं ईवीएम में खेल कर जीतती है। इस चुनाव में पैसे के बल पर (बीजेपी) चुनाव लड़ेंगे उनके समान लडऩा है तो उनके समान काम करना होगा।