दुर्ग
पूछताछ बाद मुम्बई पुलिस ने दुर्ग स्टेशन पर छोड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 19 जनवरी। बॉलीवुड एक्टर सैफ अली खान पर हमले के एक संदिग्ध आकाश कन्नौजिया को मुम्बई पुलिस ने दुर्ग में पूछताछ के बाद छोड़ दिया है। कल दुर्ग रेलवे स्टेशन से उसे पकड़ा गया था। जिसके बाद देर रात मुंबई पुलिस दुर्ग आरपीएफ पोस्ट पहुंची, यहां आकाश कन्नौजिया से पूछताछ की गई और आज सुबह उसे दुर्ग रेलवे स्टेशन पर ही छोड़ा गया।
ज्ञात हो कि मुंबई पुलिस ने सैफ अली खान पर हमले के संदिग्ध की फोटो दुर्ग आरपीएफ को भेजी थी। पुलिस ने बताया कि आरोपी ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस से भाग गया है। शनिवार दोपहर डेढ़ बजे जैसे ही ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस दुर्ग रेलवे स्टेशन पहुंची, आरपीएफ ने ट्रेन की हर बोगी की जांच कर आकाश कन्नौजिया को पकड़ा था।
आरपीएफ ने बताया कि जनरल बोगी में बैठे युवक आकाश कैलाश कन्नौजिया से फोटो का मिलान कर उसे हिरासत में लिया गया था। आकाश कन्नौजिया ने पुलिस को बताया कि वो मुंबई के कोलाबा का रहने वाला है और जांजगीर चांपा में अपने किसी रिश्तेदार के पास जा रहा था।
दूसरी तरफ कल ही दुर्ग आरपीएफ ने मुंबई पुलिस को फोटो भेजकर कन्फर्म किया। इसके बाद आरपीएफ ने संदेही को आरपीएफ पोस्ट के अंदर बैठाए रखा। संदेही के पकड़े जाने की सूचना मिलते ही मुंबई पुलिस से पीएसआई प्रदीप फूंदे और पीसी योगेश नरवड़े फ्लाइट से रात 8 रायपुर एयरपोर्ट पहुंचे।
रायपुर एयरपोर्ट से कैब बुक कर दुर्ग आरपीएफ पोस्ट आए और संदेही से कई घंटे तक पूछताछ की। पूछताछ के बाद रात लगभग 12 बजे दोनों अधिकारियों ने खाना खाया, फिर आरपीएफ पोस्ट जाकर दोबारा पूछताछ की।
पीएसआई प्रदीप फूंदे ने पहले बताया था कि, वो संदेही को ट्रांजिट रिमांड पर मुंबई लेकर जाएंगे, वहां जांच की जाएगी। इसके बाद ही यह तय होगा कि वो आरोपी है या नहीं लेकिन इससे पहले उसे छोड़ दिया गया। आकाश कैलाश कन्नौजिया ने पूछताछ में क्या कहा इसके बारे में अफसरों ने जानकारी नहीं दी। सब-इंस्पेक्टर फुंदे ने बताया कि कल से हम कह रहे हैं कि वह सिर्फ एक संदिग्ध है, किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले हमें जांच करने दीजिए, हम उसे छोड़ रहे हैं क्योंकि वह आरोपी नहीं है, हम उसे मुंबई नहीं ले जा रहे हैं।