दुर्ग

चेक बाउंस, कोर्ट ने सुनाई सजा
18-Jan-2025 3:48 PM
चेक बाउंस, कोर्ट ने सुनाई सजा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 18 जनवरी। बैंक में जमा चेक अनादरित होने पर आरोपी को कोर्ट ने सजा सुनाई है। न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी दुर्ग प्रज्ञा अग्रवाल की कोर्ट ने आरोपी के देवशायम उर्फ देवा को धारा 138 पराक्रम्य लिखत अधिनियम के तहत 2 वर्ष का साधारण कारावास एवं 2 लाख प्रतिकर राशि दिए जाने की सजा दी है। परिवादी की ओर से अधिवक्ता जितेंद्र सिंह ने पैरवी की थी।

पदुम नगर भिलाई तीन निवासी परिवादी शरद कुमार यादव की जान पहचान डी मार्केट के पीछे सेक्टर 6 भिलाई निवासी आरोपी के देवशायम उफऱ् देवा से थी। दोनों के बीच अच्छे संबंध थे। अपने व्यावसायिक कार्य के लिए रकम की आवश्यकता होने पर देवशायम ने शरद यादव से 2लाख उधारी स्वरूप लिए थे और उक्त भुगतान के एवज में परिवादी को भारतीय स्टेट बैंक भिलाई का चेक प्रदान किया था। 20 अक्टूबर 2020 को प्रार्थी ने भारतीय स्टेट बैंक सेक्टर 10 भिलाई के अपने खाते में आरोपी द्वारा दिए गए 2लाख के चेक को जमा कराया था। 7 नवंबर 2020 को अपर्याप्त निधि होने की जानकारी देते हुए बैंक ने चेक को अनादरित कर दिया था। इसके बाद परिवादी ने रजिस्टर्ड डाक से आरोपी को नोटिस भी प्रेषित की थी परंतु आरोपी ने न तो रकम वापस की और न ही नोटिस का जवाब दिया था।


अन्य पोस्ट