दुर्ग

270 कट्टा धान जब्त, धमधा मण्डी को किया सुपुर्द
18-Jan-2025 3:45 PM
270 कट्टा धान जब्त, धमधा मण्डी को किया सुपुर्द

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 18 जनवरी। कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी के निर्देशानुसार राजस्व एवं खाद्य विभाग के अधिकारियों द्वारा उपार्जन केन्द्रों में फर्जी/अवैध धान की बिक्री रोकने सतत कार्रवाई की जा रही है।

इसी कड़ी में विगत 16 जनवरी को ग्राम माटरा में राजेश साहू के ब्यारा के समीप अवैध धान संग्रहण की मौखिक सूचना मिलने पर नायब तहसीलदार धमधा ने खाद्य निरीक्षक धमधा के साथ संयुक्त रूप से मौका निरीक्षण किया।

मौका जांच में ब्यारा मालिक द्वारा अपने धान के संबंध में टोकन एवं आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत किया गया। ब्यारा के समीप ही 270 कट्टा धान अवैध रूप से पाये जाने पर जब्ती कार्रवाई के दौरान संजय राजपूत द्वारा 270 कट्टा धान स्वयं का होने का दावा किया गया किन्तु मौके पर इसके संबंध में कोई वैध प्रमाण प्रस्तुत नहीं किया। वैध प्रमाण या दस्तावेज के अभाव में उक्त 270 कट्टा धान को निरीक्षण टीम द्वारा मण्डी एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए धमधा मण्डी को सुपुर्द किया गया है।

संभागायुक्त ने अपराधी को केन्द्रीय जेल में निरूद्ध करने दिए आदेश

दुर्ग, 18 जनवरी। दुर्ग संभाग के आयुक्त सत्यनारायण राठौर ने पुलिस अधीक्षक दुर्ग के प्रतिवेदन पर स्वापक, औषधि और मन:प्रभावी पदार्थ, अवैध व्यापार, निवारण अधिनियम-1988 की धारा-3 सहपठित धारा-11 के तहत न्यायालयीन आदेश पारित कर आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त महेन्द्र टंडन पिता स्व. ईश्वर टंडन निवासी गोल्डन चौक धनोरा तहसील व जिला दुर्ग को छ: माह के लिए केन्द्रीय जेल दुर्ग में निरूद्ध करने हेतु आदेशित किया है।

 

आदेश पारित करने के पूर्व संभाग आयुक्त द्वारा न्यायालय में प्रस्तुत जवाब/तर्क, न्याय दृष्टांतों एवं शपथपूर्वक कथन का अध्ययन तथा प्रकरण में प्रस्तुत ईश्तगासा मय दस्तावेजों का अवलोकन किया गया। तथ्य के अनुसार महेन्द्र टंडन के विरूद्ध नारकोटिक्स एक्ट के कुल 2 मामले एवं आबकारी एक्ट के 1 मामले थाना पद्मनाभपुर में दर्ज कर कार्रवाई की गई। जिसमें प्रकरण क्रमांक 352/2023 विशेष न्यायाधीश एनडीपीएस एक्ट दुर्ग द्वारा 18 जनवरी 2024 को निर्णय पारित कर अनावेदक को धारा-20 (ख) (।।) (क) के अधीन दोषी पाया गया तथा अभिरक्षा में व्यतीत अवधि एक माह 26 दिवस के सश्रम कारावास एवं दस हजार रूपए के अर्थदण्ड से दण्डित किया गया है।

इसी तरह अपराध क्रमांक 226/222 धारा-20 (ख) एनडीपीएस एक्ट का मामला वर्तमान में न्यायालय में तथा आबकारी एक्ट के प्रकरण में मामला सीजेएम न्यायालय में विचाराधीन है। अनावेदक जेल से छूट जाने के पश्चात् लगातार आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहा है तथा उसकी प्रवृत्ति में कोई सुधार प्रतीत नहीं होता है। वर्तमान में भी शराब व गांजा सहित अन्य मादक पदार्थ भी बेचने की शिकायत भी लगातार मिलती रही है। अनावेदक अवैध रूप से शराब व गांजा जैसे नशीली पदार्थों का अवैध व्यापार करने का आदी हो गया है। इनके आपराधिक गतिविधियों से समाज में रहने से विपरीत प्रभाव पढऩे से संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता, ऐसी स्थिति में प्रकरण में आये प्रतिवेदन, जवाब, साक्षियों के बयान एवं तर्क के आधार पर महेन्द्र टंडन को केन्द्रीय जेल दुर्ग में निरूद्ध किया जाना आवश्यक है।

ज्ञात हो कि पुलिस अधीक्षक दुर्ग के प्रतिवेदन के अनुसार अनावेदक के द्वारा आदतन अपराध घटित करने के कारण इस पर अंकुश लगाने प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। इसके बाद भी इसकी आदतों में कोई सुधार परिलक्षित नहीं हुआ, बल्कि ये अपराधी बन गया है। इसके आंतक से आम जनता में भय व्याप्त हो गया है। लोग इसके विरूद्ध रिपोर्ट करने की साहस करना तो दूर इसकी उपस्थिति की सूचना देने तक के लिए घबराते हैं। अनावेदक के विरूद्ध पुलिस द्वारा आपराधिक एवं प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर पृथक-पृथक न्यायिक दण्डाधिकारी एवं कार्यपालिक दण्डाधिकारी के न्यायालय में प्रकरण प्रस्तुत किए गए। इसके भय एवं आंतक के कारण कोई भी जनसाधारण न्यायालय में गवाही देने से बचता है। यहीं कारण है कि अपराध करने के बाद भी कुछ दिन जेल में रहकर छूट जाता है और पुन: आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त हो जाता है। संभाग आयुक्त श्री राठौर ने प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए 17 जनवरी को न्यायालयीन आदेश पारित कर आपराधिक प्रवृत्ति में संलिप्त महेन्द्र टंडन को केन्द्रीय जेल दुर्ग में छ: माह के लिए निरूद्ध करने के आदेश दिये हैं।


अन्य पोस्ट