दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 13 जनवरी। भारत माला परियोजना में अधिग्रहित कृषि भूमि की अनेक भूमि स्वामी किसानों को अब तक मुआवजा राशि नहीं मिली है। पाटन विकास खंड अंतर्गत ग्राम अरसनारा के ग्रामीणों ने मामले में कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने अधिग्रहित कृषि भूमि की प्रभावित किसानों को मुआवजा राशि जल्द दिलाने मांग की है।
ज्ञापन सौंपने वाले किसान ग्राम अरसनारा तहसील पाटन जिला दुर्ग के निवासी है। उन्होंने बताया कि केन्द्र सरकार द्वारा स्वीकृत भारत माला परियोजना के तहत सिक्स लाईन रोड निर्माण उनके ग्राम अरसनारा से होकर जा रहा है। उक्त सिक्स लेन रोड में इन किसानो की कृषि भूमि कि जमीन अधिग्रहण किया गया है, जिनका आज तक मुआवजा राशि नहीं दिया गया है। वहीं उक्त सडक़ निर्माण एजेंसी द्वारा उनकी जमीन में कार्य प्रारभ कर दिया गया है।
उन्होंने बताया कि हिरौंदी /तेजराम वर्मा (खसरा नं.- 751/1), पुष्पा वर्मा / हिन्छाराम वर्मा (खसरा नं.- 804/1), सहदेव साहू / दुकालू साहू (खसरा नं.- 804/2), सुभि ठाकुर / मदन लाल (खसरा नं.-746),सोहागबती / पुनारद (खसरा नं.-679), महेन्द्र कुमार साहू / अर्जुनसिंह साहू (खसरा नं. -808/2 एवं 808/3) तथा विद्या साहू / किशोर साहू (खसरा नं.-808/1) की जमीन अधिग्रहित की गई है। उन्होंने कहा कि इन सभी प्रभावित किसानों को अधिग्रहण भूमि की मुआवजा राशि शीध्र प्रदान की जाय।