दुर्ग

आर्थिक आत्म निर्भरता के लिए अपनाई गन्ने की खेती
13-Jan-2025 2:37 PM
आर्थिक आत्म निर्भरता के लिए अपनाई गन्ने की खेती

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 13 जनवरी। ग्राम पीपरछेड़ी के बिहान समूह की महिलाओं ने आर्थिक आत्म निर्भरता के लिए गन्ने की खेती अपनाई है। गन्ने के साथ वे गांव के चारागाह की जमीन पर सब्जी भाजी भी उगा रही। आधा एकड़ में गन्ने की फसल लेकर उन्होंने 41 हजार रुपए का शुद्ध मुनाफा अर्जित किया है। ग्राम पंचायत पीपरछेड़ी में प्रयास स्व सहायता समूह संचालित है। इसमें कुल 10 सदस्य है, जिसमें सभी सदस्य खेती बाड़ी में मजदूरी का कार्य करके जीवन चलाती है। समूह से जुड़ी सुनीता रामटेके ने बताया कि वर्ष 2022 में उनके समूह को गांव की ही बंजर जमीन में चारागाह तथा सब्जी उत्पादन के लिए सरकारी जगह प्राप्त हुई इसमें इन्होंने बड़ी मेहनत से नेपीयर, भिंडी, सेमी, लगाया था, परन्तु कम लाभ के कारण वे लोग परेशान थे। साल 2024 के जनवरी में उनके सहित समूह अन्य सदस्य ललिता निषाद, सवाना निषाद, संतोषी निषाद एवं सवाना बाई ने गन्ने की फसल लगाने के बारे मे सोचा इसके लिए उन्होनें अलग अलग जगह जाकर इसकी जानकारी प्राप्त की, फिर 7000 रू. में गन्ने के बीज खरीद कर मार्च माह में लगाया। मनरेगा योजना से भी उन्हें फसल लगाने में सहयोग करते हुए मॉदा बनवाने तथा कोड़ा देने में मदद प्राप्त हुई। समूह के सफल प्रयास का परिणाम रहा कि माह दिसम्बर में समूह द्वारा आधा एकड़ में हुई गन्ने की फसल को उन्होंने शक्कर कारखाना बालोद में विक्रय कर 41000 रूपये का शुद्ध मुनाफा प्राप्त किया।  सुनीता रामटेके का कहना है इस सफलता से समूह की अन्य सदस्यों का भी मनोबल बढ़ा है अब वे आधा एकड़ बढ़ा कर एक एकड़ में गन्ने की फसल लेने तैयारी कर रही है। उन्होंने बताया कि सब्जी भाजी की खेती करने से उन्हें अपने घरों के लिए भी साल भर सब्जियां मिल जाती इससे घर के सब्जियों का खर्च बच जाता है। उन्होंने चारागाह में बनी डबरी में मछली पालन किया था मगर बाढ़ में मछलियां बह गई।


अन्य पोस्ट