दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 12 जनवरी। जिला पंचायत अध्यक्ष पद का आरक्षण रायपुर में किया गया। इसमें दुर्ग जिला पंचायत अध्यक्ष का पद पहली बार अनुसूचित जाति महिला वर्ग के लिए आरक्षित हुआ है। इससे दूसरी बार अनुसूचित जाति वर्ग की महिला को जिला पंचायत अध्यक्ष का कमान मिलना तय हो गया है। इसके पहले कमला बघेल अनारक्षित महिला सीट से 30 साल पूर्व दुर्ग जिला पंचायत अध्यक्ष चुनी गई थी।
जानकारी के अनुसार वर्ष 1994-95 में दुर्ग जिला पंचायत अध्यक्ष पद का आरक्षण अनारक्षित महिला वर्ग के लिए हुआ था, तब जिला पंचायत दुर्ग की अध्यक्ष पद को लेकर कांग्रेस में दो फाड़ हो गया था। इससे कांग्रेस के ही तत्कालीन दो जिला पंचायत सदस्य प्रतिमा चंद्राकर एवं कमला बघेल के बीच जिला पंचायत अध्यक्ष को लेकर सीधे मुकाबले की स्थिति निर्मित हो गई थी, इसमें कमला बघेल को 10 एवं प्रतिमा चंद्राकर को 9 मत पड़े थे। 29 में से शेष 10 सदस्य मतदान में शामिल नहीं हुए।
नतीजन अनुसूचित जाति वर्ग की कमला बघेल 1 वोट से जीत हासिल कर जिला पंचायत अध्यक्ष निर्वाचित हुई थी।
जिला पंचायत अध्यक्ष पद अनुसूचित जाति महिला वर्ग के लिए आरक्षित हो जाने के बाद उक्त वर्ग की महिला नेत्रियों द्वारा अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित क्षेत्र के अलावा अन्य अनारक्षित जिला पंचायत निर्वाचन क्षेत्र से भी भाग्य आजमाने की सुगबुगाहट शुरू हो गई है। जिला पंचायत सदस्य पद के लिए हुए आरक्षण के अनुसार निर्वाचन क्षेत्र क्रमांक 4 अनुसूचित जाति महिला एवं 3 अनुसूचित जाति मुक्त आरक्षित हुआ है। इनमें वर्तमान क्षेत्र 3 से अनुसूचित जाति महिला वर्ग से चंद्रकला मनहर जिला पंचायत सदस्य है जो पुन: अपने क्षेत्र से चुनाव मैदान में उतरने तैयारी कर चुकी है। वहीं 4 से आकाश कुर्रे सदस्य है, यह इस बार महिला वर्ग के लिए आरक्षित है जहां अनेक कांग्रेस व भाजपा नेता अपनी पत्नी व अन्य रिश्तेदार को चुनाव मैदान उतारने तैयारी कर रहे हैं। वहीं जिला पंचायत अध्यक्ष आरक्षण के बाद जिला पंचायत निर्वाचन क्षेत्र क्रमांक 1 अनारक्षित मुक्त, 5 अनारक्षित मुक्त, 7 अनारक्षित महिला, 9 अनारक्षित मुक्त, 10 अनारक्षित महिला एवं निर्वाचन क्षेत्र क्रमांक 12 अनारक्षित महिला आरक्षित क्षेत्रों से भी अनुसूचित जाति महिला वर्ग विभिन्न पार्टियों के कार्यकर्ता चुनाव मैदान उतरने संभावना तलाशना शुरू कर दिए हैं।