दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 12 जनवरी। मामूली बात पर दो आरोपियों ने आपस में मारपीट कर ली। दोनों ने एक दूसरे पर धारदार कटर एवं डंडे से वार किया, इससे दोनों को चोटे आई। दोनों की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच में लिया है।
पुलिस के मुताबिक राजीव नगर शेषनाग मंदिर के पास वार्ड 2 निवासी संतोष साहू ने शिकायत दर्ज कराई कि वह प्राइवेट ऑटो चलाने का काम करता है। 10 जनवरी को वह अपने सेठ की एक्टिवा से हटरी बाजार दुर्ग होते हुए अपने घर राजीव नगर जा रहा था। इसी समय लाली होटल के सामने मेन रोड पर गंजपारा का रहने वाला आरोपी मोहन नागरे आया और पुरानी बात को लेकर गाली गलौज कर जान से मारने की धमकी देने लगा।
जब प्रार्थी ने गाली देने से मना किया तो आरोपी ने कटरनुमा धारदार वस्तु से मारपीट की, जिससे प्रार्थी को चोट आई। संतोष साहू की शिकायत पर पुलिस ने मोहन नागरे के खिलाफ धारा 115 (2), 118 (1), 296, 351 (2) के तहत अपराध दर्ज किया है।
इसी तरह गंजपारा वार्ड 36 निवासी मोहन नागरे ने शिकायत दर्ज कराई कि आरोपी संतोष कुमार साहू उसके घर के पास आया और मेरे आटो का कांच क्यों तोड़े हो कहकर गाली-गलौज करने लगा। जब प्रार्थी ने उससे कहा कि उसने कांच को नहीं तोड़ा है। इस पर गुस्साए आरोपी संतोष उसे जान से मारने की धमकी देते हुए प्लास्टिक के पाइप से मारपीट की, जिससे प्रार्थी के दोनों पैर में चोटें आई। प्रार्थी की शिकायत पर पुलिस ने संतोष साहू के खिलाफ धारा 115 (2), 296, 351 (2) के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।