दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 11 जनवरी। त्रिस्तरीय पंचायत राज संस्थाओं में आरक्षण की प्रक्रिया पूरी हो गई है, इसमें आरक्षण की चपेट में आने से कई वर्तमान पंचायत प्रतिनिधि सरपंच, जनपद व जिला पंचायत सदस्य का भी नहीं लड़ पाने की स्थिति में नहीं है क्योंकि उनके ग्राम का सरपंच पद के अलावा क्षेत्र के जिला व जनपद सदस्य का पद भी अन्य वर्गों के लिए आरक्षित हो गए हैं। ऐसे में कुछ पंचायत प्रतिनिधि अपनी पत्नी या अन्य रिश्तेदारों को चुनाव मैदान में उतारने कर रहे तैयारी कर रहे है तो कोई दूसरे क्षेत्र से जनपद या जिला पंचायत सदस्य का चुनाव लडऩे संभवनाएं तलाश रहे हैं।
आरक्षण की चपेट में आने वाले पंचायत प्रतिनिधि में सबसे प्रमुख जिला पंचायत उपाध्यक्ष अशोक साहू है। जिनका जिला पंचायत निर्वाचन क्षेत्र क्रमांक 12 अनारक्षित महिला हो गया, ऐसे में उनके द्वारा क्षेत्र से अपनी पत्नी सुमन साहू को चुनाव मैदान में उतारने की संभावना व्यक्त की जा रही है।
इसी प्रकार दुर्ग जनपद पंचायत क्षेत्र के जनपद सभापति टिकेश्वरी देशमुख के ग्राम पंचायत भरदा, जनपद क्षेत्र एवं जिला पंचायत क्षेत्र महिला वर्ग के लिए आरक्षित हो गया। ऐसे में वे अपनी पत्नी को आगामी पंचायत चुनाव के मैदान में उतार सकते हैं। वहीं यह भी चर्चा है कि पास के जनपद क्षेत्रों में भी उनका प्रभाव होने की वजह से वे वहां भी अपने लिए संभावनाएं तलाश सकते हैं। मुखर जनपद सदस्य के रूप में चर्चित रूपेश देशमुख का क्षेत्र भी आरक्षण की जद में आ गया है। ऐसे में पंचायत प्रतिनिधि बने रहने उनके पास अपने ग्राम के सरपंच का पद के लिए मैदान में उतरना ही एकमात्र विकल्प हो सकता है। इसी तरह अन्य प्रभावित जनपद सदस्यों हरेन्द्र देव, ज्ञानेश्वर मिश्रा, डोमन भारती एवं नोहर साहू को पंचायत प्रतिनिधि के रूप में प्रभाव बनाए रखने दूसरा विकल्प तलाशना होगा।
दुर्ग जनपद क्षेत्र का सबसे बड़ा ग्राम पंचायत नगपुरा सरपंच भूपेन्द्र रिगरी भी आरक्षण की चपेट में आ गए। वे लगातार दूसरी बार नगपुरा के सरपंच है। यहां सरपंच का पद अनारक्षित महिला हो गया। वहीं उनके क्षेत्र का जिला एवं जनपद सदस्य का पद भी महिला वर्ग आरक्षित हो गया।
इन परिस्थितियों वे अपनी पत्नी को सरपंच पद के लिए चुनाव मैदान में उतार सकते हैं ऐसी ग्रामीणों में चर्चा है। इसी प्रकार ग्राम पंचायत बोड़ेगांव का लगातार दूसरी बार सरपंच प्रतिभा देवांगन को भी अन्य विकल्प तलाशना होगा। ग्राम पंचायत बोड़ेगांव का सरपंच पद इस बार अनुसूचित जाति महिला आरक्षित हो गया है।
ग्राम पंचायत चिखली, कुर्मिगुंडरा सहित अनेक ग्राम पंचायत जहां का सरपंच अनारक्षित या पिछड़ा वर्ग से है मगर यहां सरपंच का पद अनुसूचित जाति या अनुसूचित जनजाति वर्ग के लिए आरक्षित हो गया है। ऐसे ही अनुसूचित जाति या अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित अनेक ग्राम पंचायत के सरपंच का पद पिछड़ा वर्ग महिला या मुक्त हो गया, उन्हें भी अब अब विकल्प की तलाश है।