दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 9 जनवरी। कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत बुधवार की दोपहर को आरोपियों ने सोने चांदी के दुकान में घुसकर 10 सोने की अंगूठी लेकर फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है जिसमें दो आरोपी घटना को अंजाम देते हुए दिखाई दे रहे हैं। वहीं कुछ दिनों के भीतर ही कोतवाली थाना क्षेत्र में चाकूबाजी की घटनाएं हो चुकी है।
बुधवार की दोपहर लगभग 2.35 बजे दो युवक श्री बालाजी ज्वैलर्स गया नगर में पहुंचे। इस दौरान दुकान के मालिक आनंद अग्रवाल एवं स्नेहलता अग्रवाल अपने बच्चे का इलाज कराने उसे लेकर सेक्टर 9 अस्पताल गए हुए थे। दुकान में पिछले डेढ़ वर्षों से कार्य कर रही डिंपल साहू (19) निवासी राम मंदिर के पास रामनगर बघेरा दुकान में अकेली थी। इसी दौरान दो आरोपी दुकान में आए। एक आरोपी बाहर मोटरसाइकिल लेकर खड़ा रहा। वहीं एक आरोपी दुकान के भीतर पहुंचा। आरोपी ने सोने की अंगूठी दिखाने के लिए कहा। जब डिंपल उसे सोने की अंगूठी दिखा रही थी तब अज्ञात आरोपी अपनी उंगलियों में अंगूठी लगाकर देखने लगा।
इसी दौरान मौका पाकर उसने उंगलियों में लगभग 80 ग्राम वजन की 10 अंगूठी को पहना और तेजी से बाहर निकला। इसके बाद दोनों आरोपी मोटरसाइकिल से फरार हो गए। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी राजीव नगर दुर्ग की ओर फरार हुए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने जांच प्रारंभ कर दी है। बताया जाता है कि सीसीटीवी फुटेज में एक आरोपी लाल रंग का हूडी पहना हुआ है और एक काले रंग का बैग लटका रखा है। वही जो आरोपी युवक दुकान में घुसा हुआ था वह स्लेटी रंग का फूल बांह वाला शर्ट, मटमैला रंग का फुल पैंट पहना हुआ है। चोरी गए जेवरात की कीमत लगभग 5 लाख रुपए बताई जा रही है।
पुलिस की लापरवाही के चलते अपराधिक तत्वों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं। मिडिल स्कूल मैदान मोहलाई में चल रहे खेल प्रतियोगिता के दौरान चाकू बाजी हो गई, वहीं इससे पूर्व एक स्कूल में चल रहे एनुअल फंक्शन कार्यक्रम के दौरान एक युवक पर आरोपियों ने चाकू से वार कर दिया था।
इसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गए थे। पूर्व में पुलिस अधीक्षक दुर्ग द्वारा नगद पुरस्कार देने की घोषणा भी की गई थी जिसमें उन्होंने लोगों से अपील की थी कि चाकू रखने वाले चाकूबाज, कट्टर बज आदि की सूचना देने पर सूचना देने वाले व्यक्ति को 1000 रुपए नगद का पुरस्कार दिया जाएगा।
वहीं सूचना देने वाले का नाम भी गोपनीय रखा जाएगा।