दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 7 जनवरी। जिला युवा कांग्रेस दुर्ग ग्रामीण ने किसानों को धान का एकमुश्त 3100 प्रति क्विंटल के हिसाब से भुगतान करने मांग की है। इस संबंध में युकांईयों ने कलेक्टर को आज ज्ञापन सौंपा।
इसमें उन्होंने 10 जनवरी को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय व केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान को काला झंडा दिखाकर युवा कांग्रेस द्वारा विरोध करने का निर्णय लिए जाने की बात कही है। युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष जयंत देशमुख के नेतृत्व में ज्ञापन सौंपने वाले युकांईयों का कहना है कि भारतीय जनता पार्टी की डबल इंजन की सरकार के विष्णु देव साय मुख्यमंत्री हैं। चुनावी घोषणा पत्र 2023 में भाजपा ने छत्तीसगढ़ के किसानों को धान के फसल का समर्थन मूल्य 3100 रुपए प्रति क्विंटल एकमुश्त भुगतान करने का वादा किया था। इस वर्ष 14 नवंबर 2024 से धान खरीदी चालू हो गया किंतु आज तक किसी भी किसान को 3100 रुपए एकमुश्त भुगतान नहीं मिला है जो कि छत्तीसगढ़ के किसानों के साथ वादा खिलाफी है। इतना ही नहीं धान खरीदी में टोकन से लेकर टोकन वितरण में सिस्टम का फेल हो जाना धान के तौल में किसानों से अधिक धान लेकर डंडी मारा जा रहा है। साथ ही सभी समितियां में जाम की स्थिति बनी हुई है। ऐसी स्थिति में छत्तीसगढ़ निर्माण के 23 वर्ष के इतिहास में धान की खरीदी की अव्यवस्था ने रिकॉर्ड तोड़ दिया है और भारतीय जनता पार्टी की सरकार में किसानों को न केवल प्रायोजित तरीके से परेशान किया जा रहा है अपितु 3100 रुपए एकमुश्त भुगतान न करके किसानों के साथ छल किया जा रहा है, जिसका जिला युवा कांग्रेस दुर्ग पुरजोर विरोध करती है।
श्री देशमुख ने कहा कि 9 जनवरी गुरुवार तक किसानों के खाते में अंतर की राशि का भुगतान नहीं किया जाता है, उस स्थिति में दुर्ग ग्रामीण विधानसभा के ग्राम नगपुरा में होने वाली 10 जनवरी के कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान को जिला युवा कांग्रेस दुर्ग ग्रामीण के नेतृत्व में हजारों किसानों एवं कार्यकर्ताओं द्वारा काला झंडा दिखाकर विरोध किया जाएगा।
इस दौरान धर्मेश देशमुख, फिरोज खान, अमृत सिंह राजपूत, ललिता साहू, कमल नारायण, आकाश सेन, हेमंत साहू, विक्रांत ताम्रकार, अमृत सिंह राजपूत, ईशु साहू, राकेश निषाद, मनीष निषाद सहित बड़ी संख्या में युकां कार्यकर्ता उपस्थित थे।