दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 6 जनवरी। 5 जनवरी को ग्राम-जुनवानी, डी.पी.एस. भिलाई, जिला दुर्ग स्थित भूमि पर न्यायिक कर्मचारियों के 28 जी-टाईप व 20 एच टाईप एवं 20 आई-टाईप इस प्रकार कुल 68 शासकीय आवास गृह निर्माण हेतु 3.30 एकड़ आबंटित भूमि का वर्चुअल भूमिपूजन मुख्य न्यायाधिपति रमेश कुमार सिन्हा, न्यायमूर्ति, छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय बिलासपुर द्वारा सुबह 10 बजे किया गया।
वर्चुअली भूमिपूजन के अवसर पर मुख्य न्यायाधिपति रमेश कुमार सिन्हा, विशिष्ट अतिथि के रूप में न्यायाधीश, छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय बिलासपुर एवं पोर्टफोलियो न्यायाधीश जिला दुर्ग न्यायमूर्ति एन. के. चंद्रवंशी, रजिस्ट्रार जनरल, रजिस्ट्री के अधिकारी, प्रधान जिला एवं सत्र दुर्ग एवं अन्य न्यायिक अधिकारीगण, अध्यक्ष, अधिवक्ता संघ दुर्ग व पदाधिकारी, जिला कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, जिला दुर्ग, पीडब्ल्यूडी एवं अन्य विभागों के अधिकारियों, निर्माणकार्य कंपनी के अधिकारी/कर्मचारी, जिला न्यायालय के कर्मचारी, प्रिंट मीडिया एवं इलेक्ट्रानिक मीडिया के कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के प्रारंभ में न्यायाधिपति व अन्य न्यायिक अधिकारियों व उपस्थितजनों का स्वागत करते हुए स्वागत उद्बोधन डॉ. प्रज्ञा पचौरी, प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश दुर्ग द्वारा किया गया। मुख्य न्यायाधिपति रमेश सिन्हा, द्वारा उक्त अवसर पर अपने उद्बोधन में उपस्थितजनों को संबोधित करते हुए कहा गया कि आज हम सभी यहां न्यायिक कर्मचारियों के आवासीय कॉलोनी के वर्चुअल भूमिपूजन कार्यक्रम में उपस्थित हुए हैं। विगत 2 वर्षों में मेरे द्वारा छत्तीसगढ़ के विभिन्न न्यायिक जिलों में अधोसंरचना को विकसित करने हेतु विभिन्न कार्यों का वर्चुअली लोकार्पण किया गया है।