दुर्ग
कुम्हारी , 5 जनवरी। भारतीय बौद्ध महासभा शाखा कुम्हारी के तत्वावधान में पंचशील बुद्ध विहार शिवनगर कुम्हारी में क्रांति-ज्योति एवं भारत की प्रथम महिला शिक्षिका सावित्रीबाई फुले की जयंती मनाई गई।
सर्वप्रथम उपासिका सावित्री बाई सहारे के नेतृत्व में बुद्धवंदना व पंचशील ग्रहण की गई। उपस्थित महिलाओं ने सावित्रीबाई फुले के छायाचित्र पर माल्यार्पण किया।
इस अवसर पर भारतीय बौद्ध महासभा कुम्हारी की अध्यक्ष प्रेमलता डोंगरे ने कहा-सावित्री बाई फूले एक महान समाज सुधारक और भारत की पहली महिला शिक्षिका थीं। उन्होंने अपने पति ज्योतिबा फुले के साथ मिलकर बालिकाओं के लिए एक विद्यालय की स्थापना। उस समय दलित महिलाओं और बालिकाओं को विद्यालय में पढ़ाने का प्रचलन नहीं था। कुछ लोगों ने दलित बालिकाओं को पढ़ाने का विरोध किया। उनकी साड़ी पर गोबर फेंका गया। धमकी दी गई। लेकिन उन्होंने बालिकाओं को पढ़ाना जारी रखा। इस तरह आधुनिक भारत में दलित बालिकाओं को शिक्षित करने का मार्ग प्रशस्त हुआ।
उपासिका दुर्गा वाहने ने सावित्रीबाई फुले का संक्षिप्त जीवन परिचय दिया। सावित्रीबाई फुले की जयंती में महासभा के पदाधिकारीगण, सदस्यगण महिलाएं शामिल थी। सचिव अन्नु शिवनकर ने कार्यक्रम का संचालन किया।