दुर्ग

9 माह में खनिज से 53.84 करोड़ का मिला राजस्व
05-Jan-2025 2:47 PM
9 माह में खनिज से 53.84 करोड़ का मिला राजस्व

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 5 जनवरी।
खनिज महकमा ने 9 माह में दिसंबर तक खनिज से जिले में कुल 53 करोड़ 84 लाख का राजस्व प्राप्त किया है। इसमें ट्रेजरी में जमा रायल्टी की कुछ राशि अभी जुड़ा नहीं है। जारी वित्तीय वर्ष में विभाग को जिले में खनिज से 80 करोड़ की राजस्व वसूली का लक्ष्य मिला हुआ है। अर्थात प्राप्त लक्ष्य के विरुद्ध अब तक विभाग द्वारा जिले में 67.30 प्रतिशत राजस्व प्राप्ति कर लिया गया है। 

विभागीय अधिकारियों का कहना है कि वित्तीय वर्ष 2024-25 में माह दिसंबर तक अवैध खनिज उत्खनन एवं परिवहन पर प्रभावी रोक लगाने लगातार विभाग की टीम दबिश देकर जांच कर रही है। अब तक 9 माह में विभाग ने जिले में अवैध खनिज उत्खननकर्ता एवं परिवहनकर्ताओं के खिलाफ कुल 90 प्रकरण दर्ज किए हैं। इन प्रकरणों में अर्थदण्ड के रूप में विभाग ने कुल 32 लाख 78 हजार 630 रुपए वसूल किए हैं। 

कलेक्टर के निर्देशानुसार अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन व भण्डारण पर नियंत्रण के लिए जिला खनिज अधिकारी दीपक मिश्रा के मार्गदर्शन में विभागीय अधिकारी दीपक तिवारी एवं दीपक साहू के नेतृत्व में विभाग की टीम ने दिसंबर माह में भी जिले के विभिन्न क्षेत्रों दबिश देकर अवैध उत्खनन एवं परिवहन के मामले में लगभग दर्जन भर प्रकरण दर्ज कर खनिज एक्ट के तहत कार्रवाई की। लक्ष्य प्राप्ति के लिए विभाग को अभी 26 करोड़ 16 लाख रुपए के और राजस्व की जरूरत है। जिला खनिज अधिकारी दीपक मिश्रा का कहना है लक्ष्य प्राप्ति के लिए विभागीय अमला लगातार कवायद कर रहा है। वित्तीय वर्ष के शेष बचे आगामी 3 माह में शत प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त कर लिया जाएगा।

 


अन्य पोस्ट