दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 1 जनवरी। पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र के कसारीडीह में हुई लोकेश साहू की हत्या मामले में पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों सहित तीन नाबालिग को गिरफ्तार किया है। पद्मनाभपुर थाना प्रभारी केशव कोसले ने बताया कि सभी आरोपियों को मंगलवार को न्यायालय में पेश किया गया है, जहां से आरोपी आकाश देशलहरा, रोशनी लकड़ा, कुलेश्वर साहू उर्फ लुकेश को जेल दाखिला किया गया है। नाबालिग आरोपियों को बाल संप्रेषण गृह भेजा गया है।
उल्लेखनीय है कि चेतन साहू नाम के युवक का एक लडक़ी से अफेयर चल रहा था। चेतन एवं लडक़ी दोनों की माताएं पुलिस विभाग में कार्यरत है। कुछ दिन पहले ही लडक़ी की मां का सरगुजा ट्रांसफर हो गया था। लडक़ी भी सरगुजा चली गई थी। वहां सरगुजा में रहने वाले लुकेश साहू के प्रति लडक़ी आकर्षित हो गई थी। इसी बीच दुर्ग से चेतन भी लगातार युवती को फोन करता रहता था जिससे वह परेशान हो गई थी। 24 दिसंबर को युवती अपनी मां के साथ दुर्ग आई हुई थी। चेतन को जब पता चला कि उसकी प्रेमिका दुर्ग आई है तो वह मिलने के लिए कहा। युवती ने उसे मना कर दिया था लेकिन वह नहीं मान रहा था और परेशान करने लगा था। इस पर युवती ने चेतन की बात अपने सरगुजा वाले प्रेमी लोकेश साहू को बताई। इस पर लोकेश ने युवती से कहा कि चेतन को मिलने के लिए बुलाओ। युवती ने चेतन को सिविल लाइन क्षेत्र में अपने घर के पास मिलने के लिए बुलाया।
रविवार की देर रात चेतन युवती से मिलने पहुंचा, उसके पहले ही लोकेश अपने दोस्तों के साथ वहां मौजूद था। चेतन के पहुंचने के बाद युवती को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि लोकेश ने अपने साथियों के साथ लाठी डंडे से चेतन की बुरी तरह से पिटाई कर दी। चेतन को इतना मारा गया कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी।