दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 1 जनवरी। ग्रीन चौक के पास रेलवे ओवरब्रिज में ट्रक चालक ने तेज एवं लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए स्कूटी पर सवार परिवार को टक्कर मार दी। इस घटना में स्कूटी सवार महिला की घटना स्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मौके पर पहुंची मोहन नगर पुलिस ने ट्रक को अपने कब्जे में लिया। महिला के शव को जिला अस्पताल के मर्चुरी में शिफ्ट किया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। मोहन नगर थाना प्रभारी पारस ठाकुर ने बताया कि मंगलवार की दोपहर लगभग 2 बजे खुशबू टंडन पति उमेश टंडन (34) निवासी उमरपोटी अपने परिवार के साथ स्कूटी क्रमांक सीजी 10 ए बी 0706 पर सवार होकर अपने मायके ग्राम कोडिय़ा की ओर जा रही थी। स्कूटी पर मृतका का पति व बच्चा भी सवार था। रेलवे ओवरब्रिज में ग्रीन चौक के पास ट्रक क्रमांक सीजी 19 बी जी 9686 के चालक ने स्कूटी को जमकर टक्कर मार दी। दुर्घटना में बुरी तरह घायल खुशबू टंडन ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी ट्रक चालक ट्रक को छोडक़र भाग निकला था। पुलिस ने घेराबंदी करते हुए आरोपी को पकड़ लिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।