दुर्ग

खाद के 3 नमूने जांच में अमानक
31-Dec-2024 3:58 PM
खाद के 3 नमूने जांच में अमानक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 31 दिसंबर।
बीज के 10 एवं खाद के 3 नमूने जांच में अमानक पाए गए हैं। कृषि विभाग ने अमानक पाए गए खाद एवं बीज के विक्रय पर प्रतिबंध लगा दिया है। साथ ही विक्रेता एवं निर्माता कंपनी दोनों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। 

जानकारी के अनुसार वर्ष 2024-25 में गुण नियंत्रण के तहत बीज के 190 नमूने लेने का लक्ष्य मिला था। इसके विरुद्ध विभाग द्वारा विभिन्न प्रकार की फसलों की बीज के कुल 210 नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। इनमें 187 सहकारी एवं 23 निजी क्षेत्र से लिए गए हैं। अब तक 183 नमूनों की जांच रिपार्ट आ चुकी है, इनमें निजी एवं सहकारी क्षेत्र के 5-5 नमूने अमानक पाए गए हैं। अमानक पाए गए बीज में धान 5, सोयाबीन 3 एवं सरसों तथा चने के 1-1 नमूने शामिल है।

कृषि विभाग से मिली जानकारी के अनुसार अमानक पाए गए बीज में सोनी कृषि केन्द्र व ट्रेडर्स तर्रा धान, चंद्राकर कृषि केन्द्र नगपुरा धान, साहू ट्रेडर्स सोनपुर धान, नेचरवाल मेड़ेसरा धमधा धान, सेवा सहकारी समिति राजपुर से सोयाबीन के 3, छग राज्य बीज एवं कृषि विकास निगम रुआबांधा सरसों एवं सेवा सहकारी समिति बरहापुर से लिए गए चना बीज का नमूना शामिल हैं। इन अमानक पाए गए धान बीज में निर्मल सीड्स कंपनी रायपुर 1 एवं न्यूजीवीडी रायपुर तथा नेचरवाल मेड़ेसरा धमधा द्वारा निर्मित 2- 2 नमूने शामिल है। वहीं अमानक पाए गए सोयाबीन बीज के 3 नमूने तथा सरसों एवं चने के 1-1 नमूने के निर्माता बीज निगम है। जिले में वर्ष 2024-25 में रासायनिक उर्वरक के 41 नमूने का लक्ष्य था। इसके विरुद्ध 44 नमूना लिया गया। 

इसी प्रकार जैव उर्वरक के 8 नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए थे। रासायनिक उर्वरक के अब तक 34 की जांच रिपोर्ट आ चुकी है। इनमें 2 नमूने जांच में अमानक पाए गए हैं। अमानक पाए गए रासायनिक खाद में एक नमूना बीईसी फर्टिलाइजर की एसएसपी खाद का है जो सेवा सहकारी समिति बरहापुर से लिया गया था। 

वहीं एक अन्य नमूना अरिहंत फर्टिलाइजर की एसएसपी खाद का है जो सेवा सहकारी समिति बरहापुर से लिया गया था। इसी तरह जैव उर्वरक के 6 नमूने की जांच रिपार्ट आई है। इनमें 1 अमानक पाया गया है, जो ब्रम्हापुत्र वेली फर्टिलाईजर कंपनी के माईकोराइजा नामक उर्वरक का है जिसका नमूना ताम्रकार एग्रोटेक बोरी से लिया गया था। उपसंचालक कृषि संदीप कुमार भोई का कहना है कि गुण नियंत्रण को लेकर लगातार निजी व सहकारी क्षेत्र के दुकानों की जांच की जा रही है। जांच के दौरान उर्वरक, बीज एवं दवाईयों की नमूने लेकर प्रयोगशाला भेजी गई थी। इनमें अधिकांश की जांच रिपोर्ट आ गई है। जांच में अमानक पाए गए नमूनों के निर्माता कंपनी एवं विक्रेता दोनों को नोटिस जारी किए गए हैं।


अन्य पोस्ट