दुर्ग

ट्रेन में धुआं निकलता देख मचा हडक़ंप
31-Dec-2024 2:58 PM
ट्रेन में धुआं निकलता देख मचा हडक़ंप

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 31 दिसंबर।
भिलाई रेलवे स्टेशन के पास एक्सप्रेस ट्रेन में आग लगने की अफवाह से यात्रियों में हडक़ंप मच गया। ट्रेन के दुर्ग स्टेशन पहुंचने पर जांच हुई तो पता चला कि पहिया जाम हो जाने से धुआं उठ रहा था। जानकारी के अनुसार विशाखापट्टनम से चलकर मुंबई जाने वाली लोकमान्य तिलक टर्मिनस एक्सप्रेस विशाखापट्टनम से रविवार को 4.55 बजे चली थी। यह ट्रेन भिलाई रेलवे स्टेशन से सोमवार सुबह 5.10 बजे गुजर रही थी। तभी उसके पहिए के पास से काफी तेज धुंआ निकलने लगा। धुंआ निकलता देख यात्रियों को लगा कि ट्रेन में आग लग गई है। इससे उनके बीच हडक़ंप मच गया। ट्रेन भिलाई रेलवे स्टेशन से जैसे ही चली यात्रियों ने हंगामा कर शिकायत करना शुरू कर दिया। ट्रेन जैसे ही दुर्ग रेलवे स्टेशन पहुंची, वहां रेलवे अधिकारी और कर्मचारी तुरंत पहुंच गए। उन्होंने इसकी जांच की, जिसके बाद पता चला कि ट्रेन का पहिया हल्का जाम था, जिससे वह गर्म हो गया और उसमें से तेज धुंआ निकलने लगा। रेलवे के अधिकारियों के मुताबिक यह एक सामान्य घटना है। दुर्ग स्टेशन पर पूरी ट्रेन की जांच की गई। स्थिति सामान्य पाई गई तो अनाउंस कर ट्रेन को आगे रवाना किया गया।
 


अन्य पोस्ट