दुर्ग

चाइनीज मांझा से उलझने से युवक घायल
30-Dec-2024 7:36 PM
चाइनीज मांझा से उलझने से युवक घायल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 30 दिसंबर। एक बार फिर दुर्ग जिले के भिलाई में  पत्नी के साथ घर लौट रहे एक युवक की सुपेला लक्ष्मी मार्केट में चाइनीज मांझा से उलझकर घायल हो गया है। युवक को सुपेला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत सामान्य बताई जा रही है।

ज्ञात हो कि 26 दिसंबर को कोहका निवासी रामेश्वर बेले अपनी पत्नी नीतू के साथ बाइक से सेक्टर 7 गया था। वहां से शाम के समय वापस घर लौट रहा था। जैसे ही वह सुपेला लक्ष्मी मार्केट के पास पहुंचा, तभी अचानक एक पतंग उड़ते हुए आई और उसका मांझा उसके गले में फंस गया। इससे पहले की वह मांझे को अपने गले से हटाता पतंग लूटने के लिए भाग रहे लडक़ों ने मांझा को पकड़ कर खींच दिया। मांझा चाइनीज होने के चलते काफी पतला और शॉर्प था, इसलिए उसके गले में चोट आई। उसके गले से तेज खून निकलने लगा।घायल युवक ने बाइक को रोका और बगल में बैठ गया। पति के गले से खून निकलता देखकर उसकी पत्नी नीतू ने तुरंत अपने घरवालों को फोन करके मामले की जानकारी दी। इसके बाद परिजन तुरंत वहां पहुंचे और घायल को पास के स्पर्श हॉस्पिटल पहुंचाया। इसी तरह वर्ष 2023 में ही जिले के महावीर कॉलोनी निवासी विकास जैन का मांझे से गला कट गया था। विकास की स्कूटी पर अपने पांच साल के बच्चे के साथ जा रहा था। इसी दौरान मांझा उसके गले से लिपट गया। गले की नस कट जाने से उसे हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था।


अन्य पोस्ट