दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 30 दिसंबर। शहर की यातायात व्यवस्था को सरल, सुगम एवं सुरक्षित बनाने के लिए रविवार को ई रिक्शा चालको की मीटिंग यातायात पुलिस दुर्ग ने ली । ट्रैफिक अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ऋचा मिश्रा ने बताया कि मीटिंग में उपस्थित 250 ई रिक्शा चालकों को व्यक्तिगत छवि के साथ साथ यातायात नियमों जैसे बिना वर्दी वाहन न चलाना, शराब एवं किसी भी नशीली पदार्थ का सेवन कर वाहन न चलाना, नाबालिक को वाहन चलाने न देना, निर्धारित क्षमता से अधिक सवारी न बैठाना, वाहनो को दस्तावेज दुरूस्त रखना, निर्धारित पार्किग/स्थान पर ही वाहन खड़ा करना, किसी चौक पर सवारी उतारने चढ़ाने का कार्य न करना, चौक के पहले या बाद में सवारी को उतारना, तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन न चलाने हेतु समझाईस दी गई। साथ ही आज जो ई रिक्शा चालक इस मीटिंग में उपस्थित नहीं हुए है, उन सभी तक इन सभी बातों को पहुंचाने हेतु निर्देशित किया गया। उक्त मीटिंग में यातायात जोन दुर्ग प्रभारी यश करण ध्रुव, यातायात के कर्मचारी एवं 250 ई रिक्शा वाहन चालक उपस्थित रहें।