दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 30 दिसंबर। गौवंशीय पशुओं को ट्रक में लोड कर कत्लखाने तस्करी करने के मामले में फरार चल रहे 10 हजार रुपए का ईनामी पशु तस्कर को गिरफ्तार कर लिया है।
छावनी सीएसपी हरीश पाटिल ने बताया कि थाना उतई में प्रार्थिया कैलाश बाई पति बाबूलाल यादव (45) निवासी डुमरडीह थाना उतई ने रिपोर्ट दर्ज कराया कि 10 मई को अपने 10 भैंस, 6 पडिय़ा तथा 2 पड़वा कुल 18 मवेशियों की चोरी होने के संबंध में रिपोर्ट दर्ज कराने से थाना उतई में धारा 379 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया।
इसी प्रकार से 10 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली कि थाना पाटन क्षेत्रान्तर्गत ग्राम फुण्डा में संजय गिरी के फार्म हाउस में बड़ी संख्या में गौवंशीय पशुओं (भैंस) को ट्रक में लोड कर कत्लखाने तस्करी किया जा रहा है। पुलिस की छापे मार कारवाई में 43 भैंस, भैंसा, पड़वा को वाहन एवं वाहन चालक इस्तगार अहमद के साथ रंगे हाथों पकड़ा गया।
मामले की विवेचना के दौरान ज्ञात हुआ कि उक्त जब्तशुदा पशुओं में थाना उतई क्षेत्रांतर्गत ग्राम डुमरडीह से चोरी हुए मवेशी भी शामिल है तथा मवेशियों की चोरी एवं तस्करी में संजय गिरी गोस्वामी निवासी बाबापारा उतई तथा उसका भाई छन्नु गिरी गोस्वामी एवं अन्य आरोपी शामिल है। जिसमें से पूर्व में संजय गिरी गोस्वामी को गिरफ्तार कर किया जाकर जेल भेजा गया था।
आरोपी छन्नु गिरी घटना के बाद से लगातार फरार चल रहा था। शेष फरार आरोपियों पर दुर्ग एसपी द्वारा 10 हजार रुपए नगद राशि के ईनाम की उद्घोषणा की गई थी। इस मामले का ईनामी फरार पशु तस्कर छन्नु गिरी गोस्वामी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।