दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 30 दिसंबर। एक युवक का लव ट्रायंगल के चलते खून हो गया है। लडक़ी के प्रेमी ने अपने दोस्तों के साथ देर रात पहले प्रेमी को लाठी डंडों से इतना मारा की उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पद्मनाभपुर और पुलिस के अधिकारी रात में मौके पर पहुंचे। उन्होंने शव को पंचनामा कार्रवाई के बाद पीएम के लिए मरचुरी भेज दिया। पुलिस ने रात में ही लडक़ी सहित 5 संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। मुख्य आरोपी लुकेश साहू घटना के बाद से फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
मामला पद्मनाभपुर थाना अंतर्गत सिवल लाइन एरिया का है। यहां एक लडक़ी और लडक़ा चेतन साहू काफी समय पहले रहते थे। दोनों की मां पुलिस विभाग में हैं। चेतन लडक़ी से प्यार करता था। इसी बीच लडक़ी की मां का ट्रांसफर हो गया और वो उसके साथ वहां रहने चली गई, लेकिन चेतन का प्यार कम नहीं हुआ।
लडक़ी सरगुजा जाने के बाद लुकेश साहू नाम के लडक़े से प्यार करने लगी थी, लेकिन चेतन लगातार उसे फोन करके परेशान करता रहता था। 24 दिसंबर को लडक़ी अपनी मां के साथ दुर्ग आई थी। जब ये बात चेतन को पता चली तो वो उसे मिलने के लिए परेशान करने लगा। ये बात लडक़ी ने अपने प्रेमी लुकेश को बताई। लुकेश के कहने पर लडक़ी ने चेतन को पुलिस लाइन के पास सिविल लाइन में अपने घर के पास मिलने के लिए बुलाया। रविवार देर रात 11-12 बजे के करीब जब चेतन लडक़ी से मिलने पहुंचा तो वहां लुकेश अपने दोस्तों के साथ पहुंचा हुआ था। उसने चेतन को घेर लिया और दोनों में झगड़ा हो गया। झगड़ा इतना बढ़ गया कि लुकेश ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर उसे लाठी डंडों से इतनी मारा की उसकी मौके पर ही मौत हो गई।