दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 30 दिसंबर। चाकू डंडा और नकली पिस्टल की नोक पर पेट्रोल पंप में लूटपाट करने वाले फरार चल रहे दो और आरोपियों को नंदिनी पुलिस ने पकड़ा है। इससे पहले पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर सुखनंदन राठौर ने बताया कि छत्रपाल साहू ने रिपोर्ट दर्ज कराया कि 19 और 20 दिसंबर के मध्य रात्रि बोथरा पेट्रोल पंप मेडेसरा धमधा रोड़ में 4 युवकों ने मध्यरात्रि में पेट्रोल डलवाने के नाम पर पेट्रोल पंप के ऑफिस को खुलवा कर पेट्रोल पंप के कर्मचारियों को चाकू डंडा और नकली पिस्टल दिखाकर ऑफिस में रखे 28 हजार को लूटकर ले गये है। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना नंदिनी में धारा 309 (6) बीएनएस कायम किया गया।
विवेचना के दौरान टीम ने घटना स्थल का निरीक्षण कर पेट्रोल पंप में उपस्थित कर्मचारियों से घटना से संबंधित बातचीत घटना के तरीके के संबंध में विस्तृत पूछताछ की। पेट्रोल पंप में लगे सीसीटीवी फूटेज का बारीकी से निरीक्षण करने पर पेट्रोल पंप में चार युवक आते हुये दिखे। जिनके पास एक एक्टिवा काले कलर की एवं बाइक सिल्वर कलर ड्रीम युगा घटना स्थल पर देखा गया। सीसीटीवी फुटेज से प्राप्त चारों लडक़ों का फुटेज एवं गाडिय़ों के संबंध में पतासाजी की। प्रकरण में पूर्व दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी थी। वहीं प्रकरण के फरार चल रहे दो आरोपियों बंटी उर्फ ओंकार यादव( 26) निवासी कोडिय़ा थाना नंदिनी और नरेश यादव(25) को गिरफ्तार किया गया है।