दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 29 दिसंबर। जिले में पंजीकृत किसानों से खरीफ वर्ष 2024-25 में 64 लाख 84 हजार 850 क्विंटल धान खरीदी का अनुमान है। इसके विरुद्ध अब तक की स्थिति में 34 लाख 7 हजार 481 क्विंटल धान खरीदी हो चुकी है जो कि अनुमानित लक्ष्य का लगभग 53 प्रतिशत है। उपार्जित धान का उपार्जन केन्द्रों से उठाव तेजी से होने के बाद धान खरीदी में गति आई है और अब सभी केन्द्रों में सामान्य रूप से धान खरीदी जारी है।
जानकारी के अनुसार जिले में जारी खरीफ सीजन में कुल 1 लाख 14 हजार 778 किसान पंजीकृत है। इनका पंजीकृत रकबा 1 लाख 22 हजार 787 हेक्टेयर है। इन पंजीकृत किसानों ने जिले के 87 सहकारी समितियों अंतर्गत 102 उपार्जन केन्द्रों के माध्यम से अब तक 60 हजार से अधिक किसानों द्वारा धान विक्रय किए जा चुके हैं।
विपणन संघ कार्यालय से प्राप्त जानकारी के मुताबिक उपार्जन केन्द्रों में उपार्जित सवा बारह लाख क्विंटल धान का उठाव किया जा चुका है। वर्तमान में उपार्जन केन्द्रों मे लगभग 22 लाख क्विंटल धान शेष है। अब तक मिलर्स द्वारा धान उठाव के लिए 25 लाख 16 हजार 900 क्विंटल का डीओ कट चुका है। इसके विरुद्ध मिलर्स लगभग 11 लाख क्विंटल धान का उठाव कर चुके हैं। जिले में अब तक 137 मिलर्स ने कस्टम मिलिंग के लिए पंजीयन कराए हैं, जिनके द्वारा सीधे उपार्जन केन्द्रों से धान उठाव किया जा रहा है। इसी प्रकार परिवहनकर्ताओं को 2 लाख 41 हजार 990 क्विंटल का डीओ जारी हो चुका है। इसके विरुद्ध उनके द्वारा 1 लाख 18 हजार 786 क्विंटल धान का उपार्जन केन्द्रों से उठाव कर संग्रहण केन्द्रों के लिए परिवहन किया गया है। जिले में लगभग सौ वाहनों में जीपीएस सिस्टम लग चुका है, जिनके माध्यम से धान परिवहन किया जा रहा है।