दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 28 दिसंबर। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के आरक्षण की कार्रवाई तिथि फिर आगे बढ़ा दी गई है। छत्तीसगढ़ शासन पंचायत एवं ग्रामीण विकास विकास विभाग के प्रमुख सचिव ने नवीन संशोधित समय सारणी जारी जिसके अनुसार अब 8 से 10 जनवरी के बीच आरक्षण की कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि पूर्व में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए आरक्षण 17 दिसंबर को होना था मगर ठीक एक दिन पहले इसे स्थगित कर दिया गया। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के आरक्षण के लिए पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग ने नई समय सारणी घोषित कर 28 एवं 29 दिसंबर को आरक्षण के लिए कार्रवाई किए जाने का निर्देश दिया था। जिसके अनुसार जनपद अध्यक्ष एवं जिला पंचायत सदस्य के लिए आरक्षण 28 दिसंबर को होना था। इसके ठीक एक दिन पहले फिर नई संशोधित समय सारणी घोषित कर दी गई। इसके अनुसार जिला पंचायत सदस्य, जनपद अध्यक्ष , जनपद सदस्य , सरपंच एवं पंच पद के प्रवर्गवार आरक्षण की कार्रवाई के लिए 3 जनवरी को कलेक्टर द्वारा सूचना का प्रकाशन किया जाएगा उक्त पदों के लिए आरक्षण की कार्रवाई 8 से 10 जनवरी के बीच की जाएगी इसके पश्चात 10 जनवरी को जिला पंचायत सदस्य, जनपद अध्यक्ष, जनपद सदस्य, सरपंच एवं पंच पद के प्रवर्गवार आरक्षण की जानकारी10 जनवरी को ही शासन को प्रेषित की जाएगी।
कलेक्टर दुर्ग ने नवीन संशोधित समय सारणी के परिपालन पूर्व में घोषित समय सारणी के अनुसार आरक्षण की कार्रवाई स्थगित कर दी है। उन्होंने आरक्षण की कार्रवाई हेतु नवीन समय-सारणी पृथक से आम सूचना के माध्यम से सूचित करने की बात कही है।
जिला पंचायत अध्यक्ष पद के आरक्षण11 जनवरी को वहीं जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए आरक्षण की सूचना का प्रकाशन 3 जनवरी को किया जाएगा इसके लिए आरक्षण की कार्रवाई 11 जनवरी को संचालक पंचायत के द्वारा की जाएगी एवं उसी दिन इसकी जानकारी प्रेषित की जाएगी। इधर बार बार त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए आरक्षण के कार्रवाई के समय में फेरबदल किया जाना लोगों के बीच चर्चा का विषय है ऐसी स्थिति में कई तरह की अटकलें भी शुरू हो गई है।