दुर्ग

कॉलेज छात्रा से ब्लैकमेलिंग, 5.80 लाख की ठगी
27-Dec-2024 3:39 PM
कॉलेज छात्रा से ब्लैकमेलिंग, 5.80 लाख की ठगी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 27 दिसंबर। स्मृति नगर चौकी अंतर्गत स्कूल के वॉशरूम में छात्रा के बनाए कथित वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर सगे भाईयों द्वारा ब्लैकमेलिंग की। भयभीत छात्रा ने अपने पिता के बैंक खाते से अलग-अलग 5 लाख 80 हजार रुपए से ज्यादा रकम आरोपियों को ट्रांसफर कर दिए। पीडि़ता के पिता ने इस मामले में स्मृति नगर चौकी में शिकायत दर्ज कराई है। पीडि़ता छात्रा वर्तमान में बीकॉम की पढ़ाई कर रही है। इस मामले में पुलिस ने धारा420 ,34 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

स्मृति नगर चौकी पुलिस ने बताया कि कुरुद रोड कोहका निवासी पीडि़ता के पिता प्राइवेट कंपनी में जॉब करते हैं। उन्होंने अपनी शिकायत में बताया कि उनकी बेटी बीकॉम प्रथम वर्ष की छात्रा है। वर्ष 2022-2023 में जिस स्कूल में वह पढ़ती थी वहां उतई बाजार चौक निवासी समीर वर्मा नाम का लडक़ा भी पड़ता था इसके कारण उससे उनकी बेटी की जान पहचान थी। स्कूल छूटने के बाद भी बेटी से समीर की बात होती थी।

इस बीच समीर वर्मा ने उसकी बेटी को बताया कि उसके पिता को ब्रेन हेमरेज हो गया और इलाज के लिए रुपयों की जरूरत है। समीर ने उनकी बेटी से अपने पिता के इलाज के लिए बड़ी रकम मांगी। छात्रा ने रुपए नहीं होने की बात कही। इसके बाद भी समीर वर्मा लगातार छात्रा को रुपए देने के लिए अलग अलग तरीके से परेशान करता रहा। जब बात नहीं बनी तो समीर वर्मा के भाई राहुल वर्मा ने छात्रा को फोन किया और कहा कि स्कूल के समय में उसके भाई ने मोबाइल से उसका वॉशरूम वाला वीडियो रिकार्ड किया है। रुपए नहीं दिए तो वीडियो वायरल करने की धमकी दी। वीडियो की बात सुन छात्रा डर गई और समीर वर्मा के बताए अनुसार अलग-अलग खातों में रुपए ट्रांसफर किए। छात्रा ने अपने पिता के एसबीआई खातों में अलग अलग तारीखों पर यूपीआई के माध्यम से 99,300 रुपए ट्रांसफर कराए। इसके बाद राहुल वर्मा ने अपने खाते में 4 दिसंबर 2023 से लेकर 28 अगस्त 2024 तक 4 लाख 81 हजार 523 रुपए यूपीआई के माध्यम से डलवाया। पीडि़ता के पिता ने पुलिस को बताया कि सितंबर में वह बैंक गया और पासबुक प्रिंट कराने पर खाते से इतनी बार रकम ट्रांसफर किए जाने की बात पता चली। जब अपनी बेटी से इसकी जानकारी ली तो उसे इस जालसाजी का पता चला। इसके बाद वह अपनी बेटी के साथ 21 सितंबर 2024 समीर के घर गया तो उसकी मां ने गलती स्वीकारी और रुपए जल्द वापस करने का वादा किया। इसके बाद अब तक रुपए नहीं दिए। फोन करने पर कोई रिसीव नहीं कर रहा। समीर वर्मा व राहुल वर्मा ने छात्रा से कुल 5 लाख 80 हजार 823 रुपए हड़प लिए। फिलहाल इस मामले में स्मृति नगर पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


अन्य पोस्ट