दुर्ग

बादल छाए रहने से सब्जी उत्पादक किसानों की बढ़ी चिंता
27-Dec-2024 3:07 PM
बादल छाए रहने से सब्जी उत्पादक किसानों की बढ़ी चिंता

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 27 दिसंबर।
आसमान में लगातार बादल छाए रहने से सब्जी उत्पादक किसानों की चिंता बढ़ गई है। फसल में कीट एवं वायरस का प्रकोप बढऩे लगा है। फसल जल्दी हार्वेस्ट होने से एकाएक सब्जियों की आवक बढऩे से कीमत कम मिल रही है। ऐसी स्थिति में अच्छी क्वालिटी के टमाटर की कीमत लुढक़कर 8 रुपए प्रति किलो तक पहुंच गई है।

बसनी निवासी कृषक शेरसिंह ठाकुर का कहना है कि उन्होंने 50 एकड़ में टमाटर की फसल ली है। 15-20 दिन पहले तक बाड़ी से व्यापारी 35 रुपए प्रतिकिलो के हिसाब से टमाटर ले जा रहे थे। दो दिन पहले तक 20 रुपए प्रति किलो था, कल भी 16 रुपए किलो गया, मगर आज 8 रुपए प्रतिकिलो के हिसाब से अच्छी क्वालिटी की टमाटर को देना पड़ा। उनका कहना है कि लगभग दो सप्ताह से आसमान में बादल छाए हुए हैं, ऐसे में फसलें जल्द हार्वेस्ट होने से आवक बढ़ गया है। ग्राम परसबोड़ निवासी दानेश्वर साहू ने बताया कि बिना मंडप वाले टमाटर की की कीमत 5 रुपए प्रतिकिलो तक पहुंच गई है। सप्ताह भर पहले तक फूलगोभी को 15-20 रुपए प्रतिकिलो की दर से बाड़ी से ही खरीद व्यापारी ले जा रहे थे जो अब बमुश्किल 7 रुपए प्रति किलो जा रहा है भटा की कीमत भी गिर गई है। कृषक रविप्रकाश ताम्रकार का कहना है कि सब्जी वर्गीय फसलों में वायरस का प्रकोप बढऩे से दवाईयों की लागत बढ़ गई है। 

वहीं लगातार बदली वाले मौसम होने की वजह से दवाईयों का भी अपेक्षित असर नहीं हो रहा है। वहीं टमाटर की तुड़ाई के बाद नए फल भी अच्छे से नहीं आ रहे हैं। चने एवं लाखड़ी के पौधों को भी इससे नुकसान है। कृषक जालम सिंह पटेल ने कहा कि बादल छाए रहने से कीट का प्रकोप बढ़ा है फल भी जल्दी पक रहे हैं। वहीं यदि बारिश होती है तो नुकसान बढ़ सकता है। इसे लेकर किसानों की चिंता बनी हुई है। 

बिना मंडप जमीन पर टमाटर उत्पादन लेने वाले किसानों को ज्यादा नुकसान उठाना पड़ रहा है।


अन्य पोस्ट