दुर्ग

चाकू की नोंक पर लूटपाट, 2 गिरफ्तार
26-Dec-2024 3:05 PM
चाकू की नोंक पर लूटपाट, 2 गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 26 दिसंबर।
औद्योगिक क्षेत्र हथखोज से लगे इंजीनियरिंग पार्क में निर्माणाधीन फैक्ट्री में चाकू की नोक पर ठेकेदार से लूट की वारदात को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को पुरानी भिलाई पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। एक आरोपी की बात करते हुए हंसने की आदत ने इस मामले को सुलझाने में पुलिस की राह को आसान बना दिया। दोनों आरोपी खुर्सीपार थाना क्षेत्र के आदतन अपराधी हैं। पुलिस ने इनसे लूट की वारदात में इस्तेमाल चाकू और पांच सौ रुपए जब्त किया है। 

छावनी सीएसपी हरीश पाटिल ने बताया कि एजाज आलम(44) निवासी म.नं. एलआईजी 60, हाउसिंग बोर्ड उमदा इंजीनियरिंग पार्क हथखोज में निमार्णाधीन फाउंडेशन, बाउंड्रीवाल का देख रेख करता है व रात्रि में भी वहीं काम वाले मिस्त्री हेमंत भारती के साथ देखरेख करता है। 21 दिसंबर की रात प्रार्थी घर से इंजीनियरिंग पार्क हथखोज अपने कार से गया था। हेमंत भारती भी आया था। लगभग रात्रि 11 बजे हेमंत भारती फाउंडेशन के अंदर बने झोपड़ी में सोने चला गया और प्रार्थी अपने कार में सो रहा था। 22 दिसंबर की रात्रि 2.05 बजे एक अज्ञात व्यक्ति प्रार्थी के कार के पास आया और कार के दरवाजा को जोर - जोर से पीटने लगा। जब प्रार्थी कार का दरवाजा खोकर बाहर आया तो एक व्यक्ति चाकू दिखाकर प्रार्थी को उसके पास जो भी है उसे मांगने लगा। जब प्रार्थी ने कुछ भी नहीं है बोला तो उसके ऊपर चाकू से वार कर दिया,जिससे किसी तरह प्रार्थी ने अपने आप को बचाया उतने में अन्य दो व्यक्ति भी अपने हाथ में चाकू लेकर प्रार्थी के पास आये और उसके चाकू दिखाकर जबदरस्ती प्रार्थी के पैंट में रखे नगद 4400 रूपये को लूट कर भागे और अपने एक और अन्य साथी जो मोटर सायकल लेकर खड़ा था।उसमें चारो लोग बैठकर वहां से भाग गये। प्रार्थी कि रिपोर्ट पर पुरानी भिलाई पुलिस इस मामले में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

छावनी सीएसपी हरीश पाटिल ने बताया कि प्रार्थी व शिवालिक कंपनी के गार्ड से पूछताछ करने पर आरोपियों के हुलिया के बारे में बताया गया। सघन पूछताछ कर इंजीनियरिंग पार्क हथखोज एवं आपपास लगे सीसीटीवी कैमरे को चेक किया गया। संदेही महाराजा देवार एवं निकेत देवार को हिरासत में लेकर पूछताछ की।पूछताछ में बताया कि अपने अन्य साथी शेखर और कजरी के साथ मिलकर इंजीनियरिंग पार्क हथखोज निर्माणाधीन प्लाट में योजनाबद्ध तरीके से रात्रि में लूट की घटना को अंजाम देना बताये। 

आरोपी महाराजा देवार एवं निकेत देवार द्वारा घटना में प्रयुक्त चाकू को उनके निशानदेही पर बरामद किया एवं लूट की रकम में से अपने अपने बंटवारा में मिले पैसों में कुछ पैसे खर्च देना बताये। बाकी बचे पैसे 500-500 रूपये को दोनों आरोपियों द्वारा पेश करने पर बरामद किया गया।
 


अन्य पोस्ट