दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 26 दिसंबर। ग्राम पाहंदा थाना अमलेश्वर में सडक़ किनारे खून से लथपथ नाबालिग युवक मंगलवार की रात को पड़ा हुआ मिला। ग्रामीणों ने इलाज के लिए सरकारी अस्पताल झीट में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। शरीर में चोट के निशान मिलने के कारण पुलिस द्वारा हत्या की आशंका व्यक्त की जा रही है। अमलेश्वर पुलिस से प्राप्त जानकारी के मुताबिक ग्राम पाहंदा में रात्रि में मंडाई मेला का भी आयोजन किया गया था।
इसी दौरान सडक़ किनारे एक युवक उमेश यादव (17) खून से लथपथ अवस्था में पड़ा हुआ था। दुर्घटना की संभावना को देखते हुए ग्रामीणों एवं परिवार वालों ने तत्काल इलाज के लिए उसे सरकारी अस्पताल झीट में भर्ती कराया था।
अस्पताल में डॉक्टर ने युवक को मृत घोषित कर दिया। सुबह जब परिजन युवक के शरीर पर कई गहरे चोट के निशान देखे तो हत्या की आशंका जताई, वहीं घटना स्थल पर युवक के मफलर और कनटोप भी पड़ा मिला था। घटना स्थल से सडक़ तक युवक घसीटे जाने के निशान भी ग्रामीणों ने देखे हैं इसको लेकर यही संभावना लग रही है कि मृतक के साथ कोई हादसा हुआ है। थाना प्रभारी ममता अली शर्मा ने कहा कि पुलिस द्वारा जांच की जा रही है। युवक के शरीर पर चोट के निवास निशान मिले हैं। पीएम रिपोर्ट के बाद ही कुछ कहा जा सकेगा।
कुछ संदेहियों से पूछताछ की जा रही है। हत्या की आशंका को देखते हुए सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच को दिशा दी जा रही है।