दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 26 दिसंबर। तीन सप्ताह पूर्व खुर्सीपार में हुई लोकेश्वर बंजारे हत्याकांड की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा ली है। हत्यारा कोई और नहीं बल्कि उसका दोस्त निकला। पुलिस ने हत्या के फरार आरोपी अजय को कवर्धा से गिरफ्तार किया है। आरोपी पुलिस के पकड़े जाने के डर से छिपकर मजदूर का काम कर रह रहा था। जब पुलिस ने पूछताछ की तो हत्या की वजह महज 3 हजार रुपए कि उधारी निकली।
सेक्टर 6 स्थित पुलिस कंट्रोल रूम में मामले का खुलासा करते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर सुखनंदन राठौर ने बताया कि 6 दिसंबर की रात 10.30 बजे वीरागना अवंती बाई भवन के पास नहर किनारे लोकेश्वर बंजारे कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने सिर पर पत्थर पटककर हत्या कर दी गयी थी।
इस मामले में हत्या का अपराध दर्ज कर छानबीन करना शुरू कर दिया। घटना के संबंध में सीसीटीवी फुटेज एवं संदिग्धों से पूछताछ पर जानकारी मिली कि मृतक लोकेश्वर बंजारे और अजय यादव उर्फ टंगिया(28) निवासी थाना बेरला, जिला बेमेतरा दोस्त है। शराब पीकर आपस में रकम के लेनदेन की बात पर वाद विवाद करते हुए अजय ने लोकेश्वर की हत्या कर दी। घटना के बाद से पुलिस फरार आरोपी अजय यादव को पकडऩे के लिए खुर्सीपार थाना प्रभारी अंबर सिंह भारद्वाज के नेतृत्व में एक टीम गठित की। पुलिस ने आरोपी के रिश्तेदारों, परिचितों पर लगातार निगाह रखी जा रही थी। इसी बीच पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी कवर्धा में है। तत्काल पुलिस टीम को कवर्धा रवाना किया गया। जहां से आरोपी अजय यादव को हिरासत में लिया गया।
पूछताछ पर आरोपी अजय यादव ने बताया कि वह लोकेश्वर को एक माह पहले 3000 रूपए उधारी दिया था, उसके पास पैसा नहीं होने के कारण खुर्सीपार आया और लोकेश्वर से अपने दिए हुए पैसे को मांगा तो आज दूंगा-कल दूंगा कहकर उसे घूमा रहा था। तब अजय यादव ने 6 दिसंबर को शराब लेकर आया और लोकेश्वर को शराब पिलाया और पुन: उससे अपने पैसों की मांग किया। लोकेश्वर व्दारा गाली-गलौज करने, पैसा नहीं दूंगा कहने पर वही पर पड़े पत्थर को सिर में पटककर हत्या कर फरार हो गया था।