दुर्ग

कंपनी के अंदर कार्यरत मजदूर की मृत्यु होने पर मुआवजा नहीं, रोष
25-Dec-2024 3:05 PM
कंपनी के अंदर कार्यरत मजदूर की  मृत्यु होने पर मुआवजा नहीं, रोष

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 25 दिसंबर।
छत्तीसगढ़ महिला मुक्ति मोर्चा ने जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर सीमेंट कंपनी में कार्यरत श्रमिकों की ज्वलंत समस्याओं से अवगत कराया गया। साथ ही कंपनी के अंदर कार्यरत श्रमिक की मृत्यु होने पर अब तक मुआवजा नहीं मिलने पर रोष जताते हुए मृतक आबिद के परिवार को स्थाई नौकरी एवं प्रगतिशील सीमेन्ट श्रमिक संघ यूनियन के साथ 2016 के समझौते के मुताबिक तत्काल समझौता कराने मांग की गई।

छत्तीसगढ़ महिला मुक्ति मोर्चा अध्यक्ष नीरा डेहरिया के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया है कि दुर्ग जिला के जामुल नगर पालिका इलाके में स्थित एसीसी सीमेंट वर्तमान में (एसीसी) अडानी सीमेंट हो गया है। सीमेंट कंपनी में कार्यरत श्रमिकों को वर्तमान में कई तरह की संकट का सामना करना पड़ रहा है। 1 अगस्त 2024 को कंपनी के अंदर कार्यरत आबिद दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिससे उनकी मौत हो गई लेकिन आज तक कंपनी के ओर से कोई भी मुआवजा नहीं मिला है। साथ ही आबिद के पत्नी अलपिया खातून को आज तक नौकरी भी नहीं दिया गया।

उन्होंने प्रगतिशील सीमेंट श्रमिक संघ द्वारा 2014-15 में लगातार संघर्ष किया गया। जिसमें भूख हड़ताल, आमरण अनशन, गेट पर नारेबाजी आदि आंदोलनों के बाद होलसिम मैनेजमेंट के साथ समझौता हुआ। जिसमें समस्त ठेका मजदूरों को सीमेंट वेज बोर्ड के करीब ले जाते हुए वेतनमान का निर्धारण किया गया जो आज प्रतिदिन 1200, 800, 500 के आसपास वेतन के रूप में मिलता है। मजदूरों को प्रमोशन किया जाता रहा है और वेतन भी बढ़ाया जाता रहा है और समझौते के मुताबिक लगभग 5 सौ मजदूरों को 1200 प्रतिदिन वेतन देने के लक्ष्य की ओर जाना है लेकिन वर्तमान में अडानी द्वारा होलसिम ए.सी.सी. सीमेंट को खरीद लिया गया और मजदूरों को समझौता करने के लिए घुमाया जा रहा है जबकि 2016 के समझौते में सेन्ट्रल एल.सी. ने मजदूर यूनियन और प्रबंधक के बीच समझौते में गवाह के रूप में हस्ताक्षर किया है। जिसका दस्तावेज यूनियन के पास उपलब्ध है। ऐसी स्थिति में फिर से पुन: सेन्ट्रल एल.सी. जाकर चर्चा करने की बात मजदूरों को गुमराह करने का एक षडयंत्र लगता है। प्रगतिशील सीमेंट श्रमिक संघ और सीमेंट कंपनी प्रबंधन आपस में बैठकर जितना जल्दी हो सके इस समझौते को आगे बढ़ाये ताकि औद्योगिक शांति कायम रहे।

उन्होंने यह भी बताया कि पेकिंग हाऊस में ए.सी.सी गोल्ड सीमेंट के डस्ट से मजदूरों को बहुत तकलीफ हो रही है, सीने में दर्द और खासी आना आम बात हो गई है।
कोल्ड गेन्ड्री के कोयले की लगी आग के धुएं से श्वास लेने में बहुत ही परेशानी होती है। मजदूरों के खाना खाने के लिए कोई सुविधा युक्त जगह नहीं है। वहीं बिना फिल्टर के पानी पीने के लिए मजबूर है। मेडिकल टेस्ट में किसी भी मजदूर का बी.पी. शुगर हाई होने पर मजदूरों को 15 दिन, महीने भर अनफिट किया जाता है। बिना किसी सुविधा के जो श्रम कानून के विपरीत है। पिछले 10 अगस्त से मृतक आबिद के परिवार को नौकरी देने की बात कहीं जा रही है पर आज तक नौकरी नहीं मिली। उन्होंने कहा समस्त समस्याओं को एक सप्ताह के अंदर निराकरण कराने सौहार्द्रपूर्ण वातावरण में प्रबंधक एवं यूनियन के बीच समझौता कराने पहल करे समय रहते समस्याओं का हल नहीं होने पर छत्तीसगढ़ महिला मुक्ति मोर्चा व्यापक संघर्ष करने की चेतावनी दी गई है। इस दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद थी।
 


अन्य पोस्ट