दुर्ग

संग्रहण केन्द्रों में भण्डारण के लिए तैयारी पूर्ण
25-Dec-2024 2:42 PM
संग्रहण केन्द्रों में भण्डारण के लिए तैयारी पूर्ण

दुर्ग, 25 दिसंबर। दो साल बाद फिर जिले के सभी संग्रहण केन्द्र खोल दिए गए हैं। वहीं जिले के धान का 5 साल बाद संग्रहण केन्द्रों में भण्डारण किया जा रहा है। पूर्व में मिलर्स सीधे जिले के उपार्जन केन्द्रों से कस्टम मिलिंग के लिए धान उठाव कर रहे थे।

जानकारी के मुताबिक पिछले पांच सालों तक जिले उपार्जन केन्द्रों में उपार्जित किए जाने वाले संपूर्ण धान का मिलर्स द्वारा सीधे उठाव कर लिए जा रहे थे। इससे उपार्जित धान का समय पर उठाव हो जा रहा था। ऐसे में उपार्जन केन्द्रों किसी प्रकार शार्टेज भी नहीं आ रहा था। वहीं उपार्जन केन्द्र से संग्रहण केन्द्रों में परिवहन के नाम पर व्यय होने वाली राशि की बचत हो रही थी।

जिले के 5 में से कुछ संग्रहण केन्द्र में अन्य जिलों का धान आ रहा था मगर इस बार अन्य जिलों के अलावा अब दुर्ग जिले के उपार्जन केन्द्रों का भण्डारण किया जा रहा है। 
इसके लिए जिले अरसनारा, कोडिय़ा, जेवरा सिरसा, बासीन एवं सेलूद सभी संग्रहण केन्द्र खोल दिए गए है, जहां भण्डारित किए जाने वाले धान के बोरों की स्टेक लगाने का कार्य भी शुरू हो गया है। जिले के उपरोक्त सभी संग्रहण केन्द्रों में अब तक 63532 क्विंटल धान का भण्डारण किया जा चुका है। इनमें 7715 मोटा, 3288 पतला एवं 52529 सरना किस्म का धान शामिल है। सबसे ज्यादा 22317 क्विंटल धान अरसनारा में भण्डारित हो चुका है। वहीं सेलूद 20553, कोडिय़ा 12492 एवं 8170 क्विंटल जेवरा सिरसा संग्रहण केन्द्र में भण्डारित किए गए हैं। जिला विपणन अधिकारी भौमिक बघेल के अनुसार सभी संग्रहण केन्द्रों में संपूर्ण तैयारी कर ली गई है।


अन्य पोस्ट