दुर्ग
दुर्ग, 24 दिसंबर। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के आरक्षण के लिए पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग ने नई समय सारणी घोषित कर दी है। इसके अनुसार 28 एवं 29 दिसंबर को आरक्षण के लिए कार्रवाई की जाएगी। जनपद अध्यक्ष एवं जिला पंचायत सदस्य के लिए आरक्षण 28 दिसंबर को होगा।
जानकारी के अनुसार जनपद अध्यक्ष एवं जिला पंचायत सदस्य के लिए प्रवर्गवार एवं महिलाओं के प्रवर्गवार आरक्षण हेतु प्राधिकृत अधिकारी कलेक्टर होंगे, जिनकी मौजूदगी में 28 दिसंबर को जिला पंचायत सभाकक्ष में आरक्षण की कार्रवाई सुबह 11 बजे से होगी। इसी प्रकार जनपद पंचायत सदस्य एवं सरपंच पद के लिए आरक्षण की कार्रवाई संबंधित जनपद सभाकक्ष में 28 एवं 29 दिसंबर को सुबह 10 बजे से की जाएगी। इसके लिए प्राधिकृत अधिकारी अनुविभागीय अधिकारी राजस्व दुर्ग, धमधा एवं पाटन होंगे। वहीं वार्ड पंच का आरक्षण 28 एवं 29 दिसंबर को सुबह 10 बजे से संबंधित जनपद पंचायत सभाकक्ष में होगा। इसके लिए प्राधिकृत अधिकारी तहसीलदार दुर्ग, धमधा एवं पाटन होंगे।
नगरीय निकाय चुनाव अंतर्गत महापौर तथा नगर पालिका एवं नगर पंचायत के अध्यक्षों के पदों का आरक्षण के लिए भी कायक्रम घोषित कर दिए गए हैं। जिसके अनुसार उपरोक्त पदों के आरक्षण की कार्रवाई 27 दिसंबर को सुबह 10.30 बजे से पं. दीनदयाल उपाध्याय आडिटोरियम साइंस कॉलेज परिसर रायपुर में की जाएगी।
ज्ञात हो कि पूर्व में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए आरक्षण 17 दिसंबर को होना था मगर एक दिन पहले इसे स्थगित कर दिया गया। इसे लेकर लोग अलग-अलग कयास लगा रहे थे। ऐसी चर्चा थी कि कहीं पंचायत चुनाव कुछ समय के लिए टल सकती है मगर अब अचानक नई समय सारणी घोषित होने से जल्द पंचायत चुनाव की भी तिथि घोषित होने की संभावना व्यक्त की जा रही है।