दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 21 दिसंबर। नगरीय निकाय चुनाव के लिए नगर पालिका परिषद अहिवारा में वार्डों का पुन: आरक्षण हुआ। यहां से महिला आरक्षण की कार्रवाई के संबंध में लिखित में आपत्ति प्राप्त हुई थी। इसकी वजह से ऐसा किया गया पूर्व में महिला आरक्षित होने के बाद भी वार्ड 9 का पुन: महिला वर्ग के लिए आरक्षण कर दिया गया था।
ज्ञात हो कि जिले में नगर पालिक निगम, नगर पालिका परिषद, नगर पंचायत के वार्डों के आरक्षण की कार्रवाई 19 दिसम्बर को कलेक्ट्रेट सभा कक्ष में की गई। उक्त कार्रवाई पश्चात नगर पालिका परिषद अहिवारा के वार्डों में महिला आरक्षण की कार्रवाई के संबंध में लिखित आपत्ति प्राप्त हुई थी। नगर पालिका क्षेत्र के रहवासी उमेश पासवान ने बताया कि वार्ड 9 पिछली बार ओबीसी महिला वर्ग के लिए आरक्षित था। गुरुवार को हुई आरक्षण की कार्रवाई के दौरान पुन: इस वार्ड को सामान्य महिला वर्ग के लिए आरक्षित कर दी गई।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ऋचा प्रकाश चौधरी ने उक्त आपत्ति पर विचार उपरांत पुन: आरक्षण की कार्रवाई के निर्देश दिए। इस पर नगर पालिका परिषद अहिवारा के वार्डों में महिलाओं के आरक्षण की कार्रवाई पुन: शुक्रवार की शाम 4 बजे से निर्वाचन कार्यालय में की गई। इस दौरान वहां मौजूद लोगों अन्य वार्डों के आरक्षण के विषय में बात रखी। कलेक्टर ने उनके द्वारा रखे गए विषयों का समाधान करते हुए पुन: महिला आरक्षण को लेकर कार्रवाई शुरु की। इसमें वार्ड 9 को अनारक्षित (सामान्य) मुक्त एवं वार्ड क्रमांक 14 की अनारक्षित महिला वर्ग के लिए आरक्षित की गई।
नगर पालिका परिषद अहिवारा में वार्डवार आरक्षण की स्थिति
वार्ड 1- सामान्य मुक्त 2- सामान्य मुक्त 3 - अजा महिला 4 - अजजा मुक्त 5- सामान्य मुक्त 6- सामान्य मुक्त 7 - सामान्य महिला 8- सामान्य महिला 9- सामान्य मुक्त 10- अपिव महिला 11- अपिव मुक्त 12- अपिव मुक्त 13- अजा मुक्त 14- सामान्य महिला 15- अपिव मुक्त