दुर्ग

लूटपाट-रेप का आरोपी गिरफ्तार
21-Dec-2024 3:10 PM
लूटपाट-रेप का आरोपी गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 21 दिसंबर।
घरेलू काम करके अपने घर वापस जाने वाली महिलाओं के साथ लूटपाट व दुष्कर्म करने वाले आरोपी हृदेश यादव निवासी रावण भाटा जामुल को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी ने बलपूर्वक लूटपाट कर महिलाओं के साथ दुष्कर्म किया था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से सोने चांदी के जेवरात व वाहन खरीदी बिक्री पत्र भी बरामद किया है। आरोपी के वाहन के माध्यम से पुलिस आरोपी तक पहुंचने में सफल हुई है।

जामुल थाना में 15 दिसंबर को प्रार्थिया ने शिकायत दर्ज कराई थी कि वह घर साफ सफाई का काम करती है। सुविधा अस्पताल के आगे गोपाल फटाका गोदाम के पास किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसे धक्का देकर साइकिल से गिरा कर उसका मुंह दबा दिया और घसीटते हुए खेत में ले जाकर उसके साथ गलत काम किया है। चिल्लाने पर आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी थी। 

इस घटना पर पुलिस ने गंभीरता दिखाते हुए जांच प्रारंभ करती थी। एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट तथा थाना जामुल व थाना भिलाई नगर की संयुक्त टीम इस मामले की जांच में जुटी हुई थी। टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरा से फुटेज एकत्रित किया और विश्लेषण किया, जिससे जानकारी हुई कि 15 दिसंबर की शाम को आरोपी पीडि़ता के आगे पीछे अपनी सिल्वर कलर की यामाहा मोटरसाइकिल को चला रहा है। 

इस मामले में जांच की जा रही थी तभी 17 दिसंबर की शाम सेक्टर 9 हॉस्पिटल ग्राउंड पीजी कॉलेज आफ नर्सिंग सेक्टर 9 में एक महिला के साथ घटना घट गई। सेक्टर 10 निवासी प्रार्थिया ने भिलाई नगर थाना में शिकायत दर्ज कराई कि वह घरेलू झाड़ू पोछा का काम करने के बाद साइकिल से अपने घर सेक्टर 10 जा रही थी। 

इसी दौरान सडक़ 35 के पास एकांत में खड़े एक आरोपी ने अचानक उसके सामने आकर उसकी साइकिल का हैंडल पकड़ कर झाडिय़ों की तरफ मोड़ दिया और जबरदस्ती उसे झाडिय़ों में ले जाकर सिर पर पत्थर मारने की धमकी देते हुए उसके साथ गलत काम करने का प्रयास किया था। इस दौरान प्रार्थिया के द्वारा मदद के लिए चिल्लाने पर आसपास के लोगों को आता देख आरोपी वहां से भाग निकला था। निरीक्षण के दौरान एक सिल्वर कलर की यामाहा मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 07 ए एल 3962 खड़ी मिली थी, जिसे प्रार्थिया द्वारा आरोपी का होना बताया गया। मोटरसाइकिल के नंबर के आधार पर पुलिस ने जब पतासाजी की तो वाहन का स्वामी एसीसी जामुल निवासी होना पाया गया। पुलिस टीम को जानकारी मिली कि इस तरह की मोटरसाइकिल  चेतन साहू नामक व्यक्ति के पास है। जब चेतन साहू से पुलिस ने पूछताछ की तब उसने बताया कि 2 वर्ष पूर्व उसने 12 हजार में मोटरसाइकिल खरीदा था और पिछले एक माह पूर्व लेबर कैंप राम मंदिर के पीछे रहने वाले हृदेश यादव नामक व्यक्ति को 9 हजार में बेच दिया था। 
इस पर पुलिस ने आरोपी को घेराबंदी कर पकड़ा।


अन्य पोस्ट