दुर्ग

शाम को दो घंटे के भीतर लाखों का जेवर पार
21-Dec-2024 2:40 PM
शाम को दो घंटे के भीतर लाखों का जेवर पार

रिटायर्ड सीएसईबी कर्मी के सूने मकान में चोरों ने बोला धावा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 21 दिसंबर।
भिलाई के खेदामारा गुलाब नगर निवासी रिटायर्ड सीएसईबी कर्मी के सूने मकान का ताला तोड़ कर अज्ञात चोर घर की आलमारी में रखा सोने-चांदी का जेवरात चोरी कर ले गया है। घटना की रिपोर्ट पर जामुल पुलिस ने बीएनएस की धारा 331(4), 305 (क) के तहत अपराध पंजीबद्व कर  विवेचना में लिया है। 

जामुल थाना प्रभारी कपिल देव पांडेय ने बताया कि सीएसईबी के रिटायर्ड कर्मी भरत लाल गेण्ड्रे  (66 वर्ष) निवासी खेदामारा गुलाब नगर ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है कि 18 दिसंबर को वे घासीदास जयंती पर परिवार सहित घर का ताला बंद कर शाम करीब 6 बजे घर से करीब एक किमी दूर गुरू घासीदास बाबा के मंदिर गये थे। रात्रि 8 बजे उनका पुत्र मनीष गेंड्रे मंदिर से वापस घर आकर मेनगेट का ताला खोला परंतु गेट अंदर से बंद था।  संदेह होने पर उनका भतीजा अनिकेत दीवार कूद कर अंदर जाकर देखा तो मेनगेट की अंदर से सिटकनी बंद थी और घर के अंदर चैनल गेट में लगा ताला टूटा हुआ था।

मनीष और अनिकेत ने जाकर अंदर चेक किया तो घर के बेडरूम के दरवाजे की कुंडी टूटकर ताला निकला हुआ था। कमरे के अंदर रखी आलमारी का दरवाजा व लाकर खुला हुआ था। लॉकर में रखा सोने का 4 तोले का रानी हार, 3 तोले का रानी हार, 2 तोले का नेकलेस, एक ग्राम दो सोने का सिक्का, आधा तोला की चैन, आधा तोले की अंगूठी, 4 सोने का टाप्स, चांदी की कमर बंद 25 तोला, कमर बंद 20 तोला, पायल 1 जोड़ी 10 तोला, पायल 20 तोला और 20 नगर चांदी का सिक्का चोरी हो गया है। 

चोरों ने 6 से रात्रि 8 बजे के मध्य घर का ताला तोड़़ कर घर अंदर प्रवेश किया और चोरी कर भाग निकले। कल घटना की रिपोर्ट के बाद पुलिस ने मामले को विवेचना में लिया है।
 


अन्य पोस्ट